चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोंटो थाना अंतर्गत पालीसाई कैंप में तैनात झारखंड पुलिस के एक जवान की अपनी ही राइफल से गोली लगने के कारण असामयिक मृत्यु हो गई। मृतक की पहचान 45 वर्षीय अजय किशोर खाखा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से गुमला जिले के रायडीह गांव के रहने वाले थे।
राइफल सफाई के दौरान हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, यह हृदयविदारक घटना रविवार शाम लगभग 4:00 बजे की है बताया जा रहा है कि अजय किशोर खाखा कैंप में अपनी सर्विस राइफल की सफाई कर रहे थे। प्रारंभिक सूचना के अनुसार, राइफल में मैगजीन लगी हुई थी और सफाई के दौरान अचानक ट्रिगर दब गया। राइफल से निकली गोली सीधे जवान के सिर में जा लगी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
जांच में जुटा प्रशासन और दी गई अंतिम सलामी
घटना के बाद कैंप में हड़कंप मच गया। रविवार देर रात ही शव को चाईबासा सदर अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस लाया गया, जहाँ सोमवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई।पोस्टमार्टम के बाद शहीद जवान के पार्थिव शरीर को चाईबासा पुलिस लाइन ले जाया गया, जहाँ जिला पुलिस के अधिकारियों और साथी जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर (सलामी) देकर अंतिम विदाई दी।सूचना मिलते ही गुमला से मृतक के परिजन चाईबासा पहुँचे। सलामी के बाद शव को सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव रायडीह भेज दिया गया है।
एसडीपीओ का बयान: “जांच के बाद स्पष्ट होगी स्थिति”
जगन्नाथपुर के एसडीपीओ राफेल मुर्मू ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामला अत्यंत दुखद है।
“प्राथमिक तौर पर यह राइफल सफाई के दौरान हुई दुर्घटना प्रतीत हो रही है, लेकिन घटना किन परिस्थितियों में और कैसे घटी, इसकी गहन जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।” — राफेल मुर्मू, एसडीपीओ, जगन्नाथपुर
