जमशेदपुर: एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर में जूनियर डॉक्टरों ने स्टाइपेंड (भत्ता) बढ़ाने की मांग को लेकर राज्य सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। डॉक्टरों ने काला बिल्ला लगाकर अपना विरोध दर्ज कराया और सरकार को 6 अप्रैल तक का अल्टीमेटम दिया है।डॉक्टरों का कहना है कि यदि उनकी मांगें तय समय सीमा तक पूरी नहीं की गईं तो पूरे राज्य के जूनियर डॉक्टर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे, जिसकी जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग और राज्य सरकार की होगी।
काला बिल्ला लगाकर जताया विरोध
एमजीएम अस्पताल के जूनियर डॉक्टर मरीजों की सेवा के साथ-साथ काला बिल्ला लगाकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे हैं। डॉक्टरों का कहना है कि वे लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर सरकार से संवाद कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
कई बार सरकार को भेजा गया पत्र
जूनियर डॉक्टर राघवेंद्र ने बताया कि पिछले कई वर्षों से डॉक्टर स्वास्थ्य सचिव, स्वास्थ्य मंत्री और मुख्यमंत्री को स्टाइपेंड बढ़ाने को लेकर पत्राचार कर चुके हैं, लेकिन उनकी मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
पड़ोसी राज्यों से कम है स्टाइपेंड
डॉक्टरों का कहना है कि पड़ोसी राज्यों में जूनियर डॉक्टरों को एक लाख रुपये से अधिक स्टाइपेंड दिया जा रहा है, जबकि झारखंड में उन्हें सिर्फ 58 हजार रुपये ही मिल रहे हैं। इसी असमानता को खत्म करने की मांग को लेकर डॉक्टर आंदोलन कर रहे हैं।
हड़ताल की चेतावनी
जूनियर डॉक्टरों ने साफ कहा है कि अगर 6 अप्रैल तक स्टाइपेंड बढ़ाने को लेकर कोई निर्णय नहीं लिया गया, तो राज्यभर के डॉक्टर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।
