जमशेदपुर : लौहनगरी के सोनारी थाना क्षेत्र अंतर्गत सी रोड स्थित एक मकान में मंगलवार की सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। घर में रखे फ्रिज में हुए जोरदार धमाके के बाद लगी भीषण आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि घर में फंसे लोगों को अपनी जान बचाने के लिए खिड़कियों से नीचे कूदना पड़ा।
फ्रिज में धमाका और तेजी से फैली लपटें
मिली जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार सुबह की है जब घर के सभी सदस्य अपने दैनिक कार्यों में व्यस्त थे। कमरे में रखे फ्रिज में अचानक एक तेज धमाका हुआ। धमाके की गूँज इतनी तेज थी कि आसपास के घरों के लोग भी सहम गए।धमाके के साथ ही बिजली के शॉर्ट सर्किट और गैस के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते पूरा कमरा धू-धू कर जलने लगा।
खिड़की से कूदकर बचाई जान, लाखों का नुकसान
आग लगने के बाद घर के भीतर धुएं का गुबार भर गया, जिससे बाहर निकलने का मुख्य रास्ता बंद हो गया। स्थिति को भांपते हुए घर के सदस्यों ने जान बचाने के लिए खिड़कियों का सहारा लिया और नीचे कूद गए। खुशकिस्मती रही कि इस दौरान किसी को गंभीर चोट नहीं आई। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग बेकाबू हो चुकी थी। सूचना मिलने के करीब आधे घंटे बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची, जिससे लोगों में थोड़ा आक्रोश भी देखा गया।दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घर में रखे कीमती सामान, फर्नीचर और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जलकर खाक हो चुके थे। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
पुलिस कर रही है मामले की जांच
सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रही है। पुलिस और तकनीकी टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि फ्रिज में ब्लास्ट तकनीकी खराबी के कारण हुआ या इसके पीछे शॉर्ट सर्किट जैसे अन्य कारण थे।
