जमशेदपुर: आगामी राम नवमी पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।बैठक में उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और श्रद्धालुओं को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए और सभी व्यवस्थाएं समय से पहले पूरी कर ली जाएं।
विधि-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर
बैठक के दौरान प्रशासन ने विधि-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए कई अहम निर्देश दिए। उपायुक्त ने जुलूस मार्गों का सत्यापन करने, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने और ड्रोन व सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा।इसके साथ ही भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस बल की तैनाती, ट्रैफिक प्रबंधन और वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
पेयजल, बिजली और साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने संबंधित विभागों को पेयजल, बिजली, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जुलूस मार्गों और प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और सफाई सुनिश्चित की जाए ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
आपातकालीन सेवाओं को रखा जाएगा सक्रिय
प्रशासन की ओर से एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन और नियंत्रण कक्ष को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा विसर्जन घाटों का सत्यापन करने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने पर भी जोर दिया गया है, ताकि पर्व सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
