जमशेदपुर: आजादनगर में पुलिस की देर रात छापेमारी, चोरी की यूपी नंबर बाइक के साथ ‘बाबू’ गिरफ्तार

जमशेदपुर : लौहनगरी की आजादनगर थाना पुलिस ने मंगलवार की देर रात एक बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी की मोटरसाइकिल के साथ एक शातिर अपराधी को रंगे हाथ दबोचा है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी में पुलिस ने न केवल वाहन बरामद किया, बल्कि जेल से हाल ही में छूटे एक युवक को दोबारा सलाखों के पीछे भेज दिया है।

देर रात 1:10 बजे ग्रीन वैली रोड पर दबिश

पुलिस को पुख्ता जानकारी मिली थी कि आजादनगर के रोड नंबर-17, ग्रीन वैली रोड निवासी मो. तौफिक उर्फ बाबू ने अपने घर में चोरी की एक मोटरसाइकिल छिपाकर रखी है।सूचना मिलते ही मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों को सूचित किया गया और थाना में सनहा संख्या-04/26 दर्ज किया गया। वरीय पदाधिकारियों के निर्देश पर डीएसपी पटमदा के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।

यूपी नंबर की बाइक बरामद, आरोपी ने कुबूला जुर्म

गठित टीम ने तड़के करीब 1:10 बजे लक्षित मकान पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपी के घर से उत्तर प्रदेश के रजिस्ट्रेशन नंबर वाली बाइक(UP70BW2315) बरामद की गई। मौके से 25 वर्षीय मो. तौफिक उर्फ बाबू को गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस के अनुसार, आरोपी तौफिक एक आदतन अपराधी है और हाल ही में जेल से छूटकर बाहर आया था। पूछताछ के दौरान उसने बाइक चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।

कानूनी कार्रवाई और मामला दर्ज

पुलिस ने बरामद मोटरसाइकिल को विधिवत जप्ती सूची तैयार कर ज़ब्त कर लिया है।इस मामले में आजादनगर थाना कांड संख्या-26/26 दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस चोरी के पीछे कोई बड़ा अंतरराज्यीय गिरोह तो काम नहीं कर रहा है, क्योंकि बरामद बाइक उत्तर प्रदेश की है।

More From Author

गोविंदपुर जलापूर्ति ठप होने से 1.5 लाख की आबादी प्रभावित, पंचायत प्रतिनिधियों ने उपायुक्त से की मुलाकात

जमशेदपुर: चैती छठ के संध्या अर्घ्य पर उमड़ा जनसैलाब, पूर्व सीएम रघुवर दास भी हुए शामिल