जमशेदपुर: साकची में उमड़ा आस्था का सैलाब; बनारस की तर्ज पर हुई प्रभु श्रीराम की भव्य महाआरती, ‘जय श्री राम’ से गुंजी लौहनगरी

जमशेदपुर:लौहनगरी जमशेदपुर में रामनवमी के पावन अवसर पर भक्ति और श्रद्धा का एक ऐसा दृश्य देखने को मिला जिसने साकची के हृदय स्थल को ‘मिनी अयोध्या’ में तब्दील कर दिया। सामाजिक एवं धार्मिक संस्था श्री श्री बाल मंदिर सेवा समिति के तत्वावधान में साकची झंडा चौक पर आयोजित ‘विराट रामनवमी महोत्सव’ के दौरान प्रभु श्रीराम की भव्य महाआरती और दीपोत्सव ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

बनारस के आचार्यों ने बिखेरी आध्यात्म की आभा

इस वर्ष का मुख्य आकर्षण बनारस के अस्सी घाट की प्रसिद्ध गंगा आरती की तर्ज पर की गई प्रभु श्रीराम की आरती रही। बनारस से आए प्रख्यात आचार्यों और पंडितों के समूह ने शंखध्वनि और घंटाल के बीच जब आरती शुरू की, तो पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। संध्या 7:00 बजे शुरू हुई इस आरती को देखने के लिए साकची बाजार में जहां तक नजर जा रही थी, केवल श्रद्धालुओं का जनसैलाब ही नजर आ रहा था। झंडा चौक के प्रांगण में प्रभु रामलला की मनमोहक रंगोली बनाई गई थी, जो आकर्षण का केंद्र बनी रही।

जगमगा उठा साकची: अयोध्या के दरबार का अहसास

आयोजन समिति ने इस बार अयोध्या के नवनिर्मित राम मंदिर के दरबार की भव्य झलक पेश की। रंग-बिरंगी दूधिया रोशनी और अत्याधुनिक विद्युत सज्जा से पूरा साकची बाजार जगमगा उठा। भक्तों की भीड़ इस भव्य दरबार के साथ सेल्फी लेते और जयकारे लगाते देखी गई। चप्पे-चप्पे पर गूंजते ‘जय श्री राम’ के नारों ने उत्सव की रौनक में चार चांद लगा दिए।

‘बाल हनुमान’ प्रतियोगिता और मनमोहक झांकियां

उत्सव का सिलसिला गुरुवार को भी जारी रहेगा। आज साकची झंडा चौक पर कई विशेष आयोजन होने वाले हैं जिसमें बाल हनुमान सजाओ प्रतियोगिता में जमशेदपुर के विभिन्न क्षेत्रों से बच्चे ‘बाल हनुमान’ के रूप में सजकर अपनी प्रस्तुति देंगे।शाम को शहर के विभिन्न अखाड़ों और समितियों द्वारा निकाली जाने वाली झांकियों का प्रदर्शन होगा, जो धार्मिक और सामाजिक संदेशों से ओत-प्रोत होंगी।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

भीड़ को देखते हुए साकची थाना पुलिस और सेवा समिति के स्वयंसेवकों ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। झंडा चौक और आसपास के मार्गों पर वाहनों का प्रवेश वर्जित कर दिया गया है ताकि पैदल चलने वाले श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो।

More From Author

रामनवमी के मद्देनज़र पुलिस छावनी में तब्दील हुआ जमशेदपुर,सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने साकची सीसीआर में दिए कड़े निर्देश

चाकुलिया में 29 मार्च को निकलेगा रामनवमी का अखाड़ा जुलूस, बजरंगबली मंदिर से होगी शुरुआत