जमशेदपुर: साकची में श्री श्री बाल मंदिर अखाड़ा की भव्य शोभायात्रा, 65 सदस्यीय डंका और छऊ नृत्य ने मोहा मन

जमशेदपुर : लौहनगरी की प्रतिष्ठित धार्मिक एवं सामाजिक संस्था श्री श्री बाल मंदिर अखाड़ा के तत्वावधान में रामनवमी के पावन अवसर पर साकची बाजार से एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। ‘जय श्री राम’ के गगनभेदी उद्घोष और भक्तिमय वातावरण के बीच निकली इस यात्रा ने पूरे साकची क्षेत्र को राममय कर दिया। 50 वर्षों की गौरवशाली परंपरा को निभाते हुए समिति ने इस वर्ष भी भव्यता की नई मिसाल पेश की है।

सोनीपत की झांकियां और छऊ नृत्य बना आकर्षण

शोभायात्रा साकची के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण करते हुए वापस पूजा पंडाल पहुंची। इस दौरान कई विशेष आकर्षणों ने लोगों का ध्यान खींचा।सोनीपत से आई विशेष झांकियों में राम दरबार, राधा-कृष्ण, शिव-पार्वती और सिंदूरी हनुमानजी के स्वरूपों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। ‘शिव तांडव’ की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। पूर्वी भारत का प्रसिद्ध अर्ध-शास्त्रीय छऊ नृत्य और हैरतअंगेज पारंपरिक खेलों के प्रदर्शन ने दर्शकों में उत्साह भर दिया। राम धुन पर थिरकते 65 सदस्यीय डंका दल ने पूरे माहौल को उत्सव के रंग में सराबोर कर दिया। साथ ही, आकाश में होती भव्य आतिशबाजी ने शोभायात्रा की रौनक दोगुनी कर दी।

शनिवार शाम 4 बजे निकलेगा विसर्जन जुलूस: हनुमान जी की झांकी होगी खास

समिति के सन्नी संघी ने जानकारी दी कि 28 मार्च संध्या 04:00 बजे से भव्य विसर्जन जुलूस निकाला जाएगा। शहरवासियों के विशेष आग्रह पर इस बार विसर्जन जुलूस में एक विशेष ‘हनुमान जी की झांकी’ को आमंत्रित किया गया है, जो मुख्य आकर्षण होगी।जुलूस के दौरान अखाड़ा के सदस्यों द्वारा हैरतअंगेज पारंपरिक खेलों और कलाओं का प्रदर्शन किया जाएगा।पिछले 50 वर्षों से इस महोत्सव का सफल आयोजन कर रही समिति ने जमशेदपुर की शांतिप्रिय जनता से इस विसर्जन जुलूस में शामिल होने और इसे सफल बनाने की अपील की है।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

साकची बाजार जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में जुलूस को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस बल की भारी तैनाती की गई है। वॉलिंटियर्स की टीम भी ट्रैफिक और व्यवस्था संभालने में सक्रिय है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

More From Author

जमशेदपुर में रामनवमी पर ‘हाई अलर्ट’: सिटी एसपी के नेतृत्व में फ्लैग मार्च; ड्रोन से होगी हवाई निगरानी, एसएसबी और झारखंड जगुआर तैनात

साकची गुरुद्वारा चुनाव: झारखंड हाईकोर्ट ने निपटाई याचिका; सीजीपीसी प्रधान बोले- ‘हरविंदर सिंह मंटू का चुनाव वैध, मर्यादा की हुई जीत’

Recent News