टाटानगर स्टेशन पर 7 अप्रैल को जदयू का एकदिवसीय धरना, ट्रेनों को समय से चलाने की मांग तेज

जमशेदपुर। टाटानगर समेत चक्रधरपुर रेल मंडल की रेल लाइनों पर ट्रेनों के लगातार लेट चलने से परेशान यात्रियों की समस्या को लेकर जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने आंदोलन का ऐलान किया है। इसी कड़ी में 7 अप्रैल को टाटानगर रेलवे स्टेशन पर जदयू की ओर से एकदिवसीय धरना दिया जाएगा। पार्टी नेताओं का कहना है कि पिछले लंबे समय से यात्री ट्रेनों को समय पर नहीं चलाया जा रहा है, जिससे आम यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जदयू का आरोप है कि रेलवे प्रशासन मालगाड़ियों को प्राथमिकता दे रहा है, जिसके कारण यात्री ट्रेनों को घंटों देरी से चलाया जा रहा है।

स्टेशन निदेशक को सौंपा गया ज्ञापन

धरना कार्यक्रम को लेकर मंगलवार दोपहर जदयू नेताओं ने टाटानगर रेलवे स्टेशन के स्टेशन निदेशक को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन जदयू नेता सुभाष श्रीवास्तव और अजय कुमार के नेतृत्व में सौंपा गया।ज्ञापन में रेलवे प्रशासन से मांग की गई है कि चक्रधरपुर मंडल की रेल लाइनों पर चलने वाली सभी यात्री ट्रेनों को समय पर संचालित किया जाए, ताकि यात्रियों को हो रही परेशानियों से राहत मिल सके।

यात्रियों को रोजाना हो रही परेशानी

जमशेदपुर जनता दल यूनाइटेड के महानगर अध्यक्ष ने कहा कि बीते दो वर्षों से रेलवे की कार्यप्रणाली के कारण यात्री ट्रेनों का संचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। मालगाड़ियों को प्राथमिकता देने के कारण यात्री ट्रेनों को अक्सर लेट कर दिया जाता है।उन्होंने कहा कि इस वजह से बिहार, झारखंड सहित देश के कई राज्यों से आने-जाने वाले हजारों यात्रियों को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार यात्रियों को घंटों स्टेशन पर इंतजार करना पड़ता है, जिससे उनकी यात्रा और अन्य जरूरी काम प्रभावित होते हैं।

समस्याओं के समाधान की मांग

जदयू नेताओं ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि यात्री ट्रेनों के संचालन में सुधार किया जाए और समयबद्ध तरीके से ट्रेनों का परिचालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि रेलवे प्रशासन जल्द इस समस्या का समाधान नहीं करता है तो आगे और बड़ा आंदोलन किया जाएगा।पार्टी नेताओं ने कहा कि यात्रियों की समस्याओं को लेकर यह धरना आयोजित किया जा रहा है, ताकि रेलवे प्रशासन का ध्यान इस गंभीर मुद्दे की ओर आकर्षित किया जा सके।

More From Author

जमशेदपुर में किराया वृद्धि के खिलाफ व्यापारियों का प्रदर्शन, नोटिफाइड एरिया कमेटी कार्यालय के सामने जताया विरोध

जमशेदपुर: उलीडीह में विश्वनाथ ज्वेलर्स से 24 लाख के गहने उड़ा ले गया शातिर, सीसीटीवी में कैद हुई करतूत