मानगो में जलजमाव से त्रस्त लोग, कमल फूल की खेती कर विधायक और सांसद को आईना दिखाएंगे – विकास सिंह

जमशेदपुर: मानगो के ज्वाहर नगर रोड नंबर 15 स्थित ब्रह्मपथ इलाके में पिछले एक वर्ष से जलजमाव और गंदे पानी की समस्या से स्थानीय लोग बेहद परेशान हैं। सड़क पर जमा बदबूदार पानी के कारण लोगों का पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। इस समस्या को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।

जलजमाव के कारण आवागमन पूरी तरह बाधित

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सड़क नया पुरुलिया रोड को सीधे एनएच-33 से जोड़ती है, लेकिन सड़क पर लगातार जलजमाव और गंदे पानी के कारण आवागमन लगभग बाधित हो गया है। क्षेत्र के लोगों ने बताया कि पिछले एक वर्ष से उन्हें केवल आश्वासन ही मिल रहा है, लेकिन समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है।

समस्या का समाधान नहीं हुआ तो करेंगे कमल फूल की खेती

स्थानीय लोगों के आग्रह पर भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मानगो नगर निगम के उपनगर आयुक्त के संज्ञान में इस गंभीर समस्या को डालते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द ही जलजमाव की समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो सड़क पर जमा गंदे पानी में मछली पालन या धान रोपनी नहीं बल्कि कमल फूल की खेती कर विरोध दर्ज कराया जाएगा।

विधायक और सांसद को दिखाया जाएगा आईना

विकास सिंह ने कहा कि यदि प्रशासन इस समस्या का समाधान नहीं करता है, तो सड़क पर कमल फूल की खेती कर क्षेत्र के एनडीए के विधायक और सांसद को आईना दिखाने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है और इस मामले में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

स्थानीय लोगों में बढ़ रहा आक्रोश

लगातार बढ़ती समस्या के कारण क्षेत्र के लोगों में प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के प्रति आक्रोश बढ़ता जा रहा है। लोगों ने मांग की है कि जल्द से जल्द जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि उन्हें इस परेशानी से राहत मिल सके।

More From Author

जमशेदपुर के आरएमएस हाई स्कूल की रजत जयंती 5 अप्रैल को, 25 वर्षों की शैक्षणिक यात्रा का होगा भव्य उत्सव

जमशेदपुर में प्री बैसाखी प्रदर्शनी की शुरुआत, बंगाल क्लब में महिलाओं के हुनर का दिखेगा खास कलेक्शन