जमशेदपुर: महिलाओं द्वारा संचालित कोलकाता की प्रसिद्ध संस्था “एनिग्मा” के तत्वावधान में शुक्रवार 3 अप्रैल से साकची स्थित बंगाल क्लब के पहले तल्ले में तीन दिवसीय प्री बैसाखी प्रदर्शनी की शुरुआत हुई। यह प्रदर्शनी 3 अप्रैल से 5 अप्रैल तक आयोजित की जाएगी, जिसमें कोलकाता और जमशेदपुर के कारीगरों द्वारा तैयार किए गए आकर्षक कलेक्शन प्रदर्शित किए जा रहे हैं।
अतिथियों ने फीता काटकर किया उद्घाटन
प्रदर्शनी का उद्घाटन डीबीएमएस बीएड कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. जूही समर्पिता, साकची बंगाल क्लब के अध्यक्ष तापस मित्रा, महासचिव सौम्य सेन और समाजसेवी विदिशा मुखर्जी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।इस मौके पर तापस मित्रा ने संस्था द्वारा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें एक बेहतर मंच प्रदान करने की पहल की सराहना की।
15वीं बार जमशेदपुर में आयोजित हो रही प्रदर्शनी
संस्था की प्रमुख एलिट्रा सिन्हा मुखर्जी ने बताया कि जमशेदपुर में यह प्रदर्शनी 15वीं बार आयोजित की जा रही है। इसका उद्देश्य महिलाओं और कारीगरों को अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने और आर्थिक रूप से सशक्त बनने का अवसर प्रदान करना है।उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से महिलाओं को अपने हुनर को पहचान दिलाने के साथ-साथ आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा मिलती है।
साड़ी, कुर्ती, आभूषण और मेन्स कलेक्शन आकर्षण का केंद्र
प्रदर्शनी में कोलकाता और जमशेदपुर के कारीगरों द्वारा तैयार किए गए लेडिस कलेक्शन जैसे साड़ी, कुर्ती, आभूषण के साथ-साथ मेन्स कलेक्शन भी उपलब्ध हैं। यहां पारंपरिक और आधुनिक डिजाइन के कई आकर्षक उत्पाद लोगों के लिए प्रदर्शित किए गए हैं।
30 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
तीन दिवसीय इस प्रदर्शनी में कोलकाता और जमशेदपुर के करीब 30 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया है। आयोजकों को उम्मीद है कि बड़ी संख्या में लोग इस प्रदर्शनी में पहुंचकर खरीदारी करेंगे और स्थानीय कारीगरों व महिलाओं के प्रयासों को प्रोत्साहित करेंगे।
