जमशेदपुर : मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता ने शनिवार को क्षेत्र के विभिन्न वार्डों और मोहल्लों का व्यापक निरीक्षण किया। जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और प्रशासनिक व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के उद्देश्य से किए गए इस दौरे के दौरान मेयर ने जमीनी हकीकत देखी और लापरवाही मिलने पर संबंधित विभागों के अधिकारियों की जमकर क्लास लगाई।
जर्जर सड़कें और कचरे के ढेर देख नाराजगी
मेयर ने जवाहर नगर रोड नंबर 9, 13, ब्रम्हापथ, बावनगोड़ा चौक और बगानशाही जैसे प्रमुख इलाकों का दौरा किया। सड़कों की बदहाली और नालियों में जमा गंदगी देख मेयर ने आरसीडी और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सड़कों की मरम्मत और पुनर्निर्माण को प्राथमिकता दें। कचरा उठाव में अनियमितता को लेकर उन्होंने सफाई विभाग को कड़ी चेतावनी दी और मानसून से पहले ड्रेनेज सिस्टम को सुदृढ़ करने का आदेश दिया।
झरना रोड का विशेष निरीक्षण: नाले के पुनर्निर्माण का आदेश
संवेदनशील स्थल झरना रोड पर जलजमाव और नाले के तेज बहाव से होने वाली दुर्घटनाओं की शिकायत पर मेयर ने तत्काल संज्ञान लिया। मेयर ने नाले के पुनर्निर्माण और नालियों को अंडरग्राउंड बनाने की विस्तृत योजना ‘योजना समिति’ की बैठक में लाने का निर्देश दिया। रात के समय दुर्घटनाओं को रोकने के लिए स्ट्रीट लाइट व्यवस्था दुरुस्त करने और सुरक्षा गश्त बढ़ाने के भी आदेश दिए गए।
“क्लीन, ग्रीन और स्मार्ट मानगो” हमारी प्राथमिकता
निरीक्षण के बाद मेयर सुधा गुप्ता ने कहा कि मानगो को एक आधुनिक शहर के रूप में विकसित करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि स्वच्छता केवल निगम की नहीं, बल्कि सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है मेयर ने जानकारी दी कि आगामी बोर्ड बैठक में ठोस कचरा प्रबंधन, स्ट्रीट लाइटिंग और शहरी सौंदर्यीकरण से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए जाएंगे।
इन इलाकों का किया गया निरीक्षण
जवाहर नगर (रोड 9 व 13)
ब्रम्हापथ और बावनगोड़ा चौक
ईदगाह मैदान और बगानशाही
नेशनल हाईवे ( से सटी बस्तियां
मेयर ने अंत में चेतावनी दी कि सभी कार्य तय समय सीमा के भीतर पूरे होने चाहिए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वे स्वयं नियमित रूप से कार्यों की प्रगति की समीक्षा करती रहेंगी।
