जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना अंतर्गत टाटा फुटबॉल अकादमी के समीप ‘बजरंग चाय दुकान’ पर हुए खौफनाक हमले के बाद अब पीड़ित परिवार गहरे सदमे और भय के साए में है। 6 अप्रैल को अपराधियों द्वारा खौलती चाय से जलाई गई 26 वर्षीय मेहंदी कुमारी का इलाज वर्तमान में टाटा मुख्य अस्पताल के बर्न यूनिट में चल रहा है। इस बीच, अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही मेहंदी के परिवार ने अपराधियों द्वारा समझौता करने के लिए दबाव बनाने और धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है।
“भाजपा का झंडा लगी कार से आए थे दरिंदे”
पीड़िता की माँ चिंता देवी ने अस्पताल पहुँचे पूर्व भाजपा नेता विकास सिंह को अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि उनका पूरा परिवार मेहनत-मजदूरी कर जीवन यापन करता है। उनके अनुसार 6 अप्रैल की शाम करीब 6-7 अपराधी भाजपा का झंडा लगी कार से आए और ‘उधार’ चाय की मांग करने लगे। चाय देने में थोड़ी देरी होने पर अपराधियों ने भद्दी गालियां देते हुए पूरे परिवार को पीटा और दुकान में तोड़फोड़ की। इसके बाद उन्होंने निर्दयता की सारी हदें पार करते हुए 10 लीटर खौलती हुई चाय मेहंदी के ऊपर पलट दी।
अस्पताल में भी धमकियाँ: आर्थिक तंगी और डर का साया
पीड़ित परिवार ने बताया कि वे केवल शारीरिक चोटों से ही नहीं, बल्कि आर्थिक संकट से भी जूझ रहे हैं। चिंता देवी के अनुसार अपराधियों द्वारा लगातार फोन कर मामले को रफा-दफा करने का दबाव बनाया जा रहा है। अस्पताल परिसर में भी कुछ संदिग्ध युवक आकर मुकदमा वापस लेने की धमकी दे रहे हैं, जिससे पूरा परिवार सहमा हुआ है।
विकास सिंह ने की एसएसपी से बात: “कोई अपराधी नहीं बचेगा”
विकास सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल वरीय पुलिस अधीक्षक से दूरभाष पर संपर्क किया।एसएसपी ने बताया कि एक मुख्य अपराधी को जेल भेजा जा चुका है और अन्य की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। विकास सिंह ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि पीड़िता के परिवार को तुरंत सुरक्षा प्रदान की जाए और धमकियां देने वालों पर कड़ी कार्रवाई हो। उन्होंने कहा कि एक निर्दोष परिवार पर इस तरह का जानलेवा हमला सभ्य समाज के लिए कलंक है।वर्तमान में मेहंदी की स्थिति नाजुक बनी हुई है और शहर के लोग इस बर्बरता के खिलाफ न्याय की मांग कर रहे हैं।
