सरायकेला-खरसावाँ: सरायकेला-खरसावाँ जिले में आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सालडीह बस्ती में भाजपा नेता के घर पर हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है।यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर कुमार सबैया के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने की।
भाजपा नेता के घर हुई थी फायरिंग
कुछ दिन पहले आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सालडीह बस्ती में भाजपा नेता सपन कुमार दास के घर पर अज्ञात अपराधियों द्वारा फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया था। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था और पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम का गठन किया था।जांच के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान
पुलिस ने जिन तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है, उनमें चन्दन गोराई उर्फ चंदन बच्चा (20 वर्ष),राजू कुम्हार उर्फ राजू टाकला (24 वर्ष),प्रेम कुमार सिंह उर्फ जानी उर्फ प्रेम बच्चा (20 वर्ष) शामिल हैं पुलिस के अनुसार, ये सभी आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और पहले भी कई मामलों में शामिल रह चुके हैं।
हथियार और स्कूटी बरामद
गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए कई सामान बरामद किए हैं, जिनमें एक देशी पिस्टल,एक मैगजीन,4 जिंदा गोली,एक स्कूटी (नंबर: JH05CZ-8357)शामिल हैं।पुलिस का कहना है कि इसी हथियार का इस्तेमाल भाजपा नेता के घर पर फायरिंग करने में किया गया था।
पहले भी आपराधिक घटनाओं में रहे शामिल
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार तीनों अपराधी 3 अप्रैल को सालडीह बस्ती में हुए पथराव और हथियार लहराने की घटना में भी वांछित थे। पुलिस लंबे समय से इनकी तलाश कर रही थी।
आरोपियों का आपराधिक बैकग्राउंड
पुलिस के अनुसार चंदन गोराई गालुडीह का रहने वाला है,प्रेम कुमार सिंह मूल रूप से बिहार के नालंदा जिले का निवासी है,राजू कुम्हार नीमडीह का स्थायी निवासी है।तीनों आरोपियों का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है।
छापेमारी टीम ने निभाई अहम भूमिका
इस पूरे अभियान में पुलिस टीम के कई अधिकारियों और जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। छापेमारी टीम में थाना प्रभारी बिनोद तिर्की ,पु.अ.नि. सुनील कुमार सिंह,विनोद टुडू,राज कुमार सिंह,सतीश कुमार वर्णवाल सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है और मामले की आगे की जांच जारी है।
