जमशेदपुर के लक्ष्मीनगर बस्ती में नाले की समस्या पर फूटा लोगों का गुस्सा, कागज की नाव बहाकर किया विरोध

जमशेदपुर: जमशेदपुर में बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर लोगों का आक्रोश सामने आया है। शहर के लक्ष्मीनगर बस्ती में पिछले करीब एक वर्ष से नाले का गंदा पानी सड़क पर बहने की समस्या से परेशान स्थानीय लोगों ने शनिवार को अनोखा विरोध प्रदर्शन किया।क्षेत्रवासियों का आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद अब तक नाले का निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

विधायक को कई बार दिया गया आवेदन

स्थानीय लोगों के अनुसार इस समस्या को लेकर क्षेत्र की विधायक पूर्णिमा साहू को कई बार लिखित आवेदन सौंपा जा चुका है।इतना ही नहीं, 4 से 5 बार बस्ती के लोगों का प्रतिनिधिमंडल उनसे मिलकर जल्द समाधान की मांग भी कर चुका है। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

बच्चों और महिलाओं को हो रही परेशानी

सड़क पर नाले का गंदा पानी बहने के कारण आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। खासकर स्कूल जाने वाले बच्चों को रोजाना गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है।वहीं मंदिर जाने वाली महिलाओं को भी इसी रास्ते से होकर जाना पड़ता है, जिससे उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

कागज की नाव बहाकर जताया विरोध

समस्या के विरोध में बस्तीवासियों ने अनोखे तरीके से प्रदर्शन किया। लोगों ने कागज की नाव बनाकर उसे नाले के पानी में बहाया और “हमारी विधायक लापता है” जैसे नारे लगाकर अपना विरोध दर्ज कराया।इस दौरान लोगों ने जोरदार हंगामा भी किया और जल्द से जल्द समस्या का समाधान करने की मांग की।

सैकड़ों लोग हुए प्रदर्शन में शामिल

प्रदर्शन में युवा समाजसेवी नवीन कुमार, अभिषेक तिवारी, दीना जी, शोभा गुप्ता, सुलोचना देवी, सुमित्रा देवी, मुन्ना जी, विनोद जी, कपिलदेव सिंह, प्रभुनाथ शर्मा, रंजीत राय, सरोज ओझा, बी.के. चौधरी, रूपेश सिंह, दीपु शर्मा और राजेश कुमार सिंह सहित सैकड़ों स्थानीय लोग शामिल हुए।

समाधान नहीं हुआ तो होगा बड़ा आंदोलन

बस्तीवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे उपायुक्त कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन करेंगे और आंदोलन को और तेज करेंगे।

More From Author

जमशेदपुर में तेज रफ्तार कार का कहर: टिस्को क्वार्टर की दीवार तोड़कर अंदर घुसी, बड़ा हादसा टला

जमशेदपुर: अपराध और नशे के जाल में घिरता शहर, युवा कांग्रेस ने विधि-व्यवस्था पर जताई चिंता