जमशेदपुर: उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी का समाहरणालय में औचक निरीक्षण; गायब कर्मियों पर भड़के, कबाड़ की नीलामी और बायोमीट्रिक हाजिरी के निर्देश

जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के उपायुक्तश्री कर्ण सत्यार्थी ने शनिवार को जिला समाहरणालय (कलेक्ट्रेट) परिसर स्थित विभिन्न विभागों का औचक निरीक्षण किया। अचानक हुए इस निरीक्षण से कार्यालयों में हड़कंप मच गया। उपायुक्त ने न केवल कर्मचारियों की उपस्थिति जांची, बल्कि कार्यालयों की साफ-सफाई और फाइलों के रख-रखाव को लेकर अधिकारियों की क्लास भी लगाई।

उपस्थिति पंजी की बारीकी से जांच

उपायुक्त ने सामाजिक सुरक्षा, राजस्व, निर्वाचन, नजारत, विधि शाखा, और समाज कल्याण समेत कई महत्वपूर्ण विभागों के कार्यालयों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने उपस्थिति पंजी खंगाली और बिना पूर्व सूचना के गायब पाए गए कर्मियों पर सख्त नाराजगी जताई। उन्होंने सभी कार्यालय प्रमुखों को निर्देश दिया कि कर्मचारियों की नियमित बायोमीट्रिक उपस्थिति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए।

सफाई व्यवस्था और कबाड़ की नीलामी पर जोर

कार्यालयों में फाइलों के अंबार और पुराने सामान को लेकर उपायुक्त ने कड़े निर्देश जारी किए। कार्यालयी दस्तावेजों को व्यवस्थित रखने और पुराने रिकॉर्ड्स को सुव्यवस्थित करने को कहा गया।परिसर में पड़े अनुपयोगी फर्नीचर और पुराने मशीनी उपकरणों (कबाड़) को जल्द से जल्द एकत्रित कर जिला स्तर पर नीलामी कराने का निर्देश दिया, ताकि कार्यालयों में जगह खाली हो सके और स्वच्छता बनी रहे।

जनता की सुनी समस्याएं, पार्किंग का लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त केवल फाइलों तक सीमित नहीं रहे, बल्कि उन्होंने जमीन पर उतरकर व्यवस्थाएं देखीं। समाहरणालय पहुँचे आम नागरिकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर मौजूद अधिकारियों को उनके त्वरित निष्पादन का आदेश दिया।परिसर में चिन्हित पार्किंग और आगंतुकों के लिए बनाए गए वेटिंग एरिया का भी जायजा लिया ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो।इस महत्वपूर्ण निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्तश्री नागेन्द्र पासवान, नजारत उपसमाहर्ता श्री डेविड बलिहार, डीटीओ श्री धनंजय और विधि शाखा प्रभारी श्री चंद्रजीत सिंह सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

More From Author

जमशेदपुर: सुंदरनगर के गोदाम में लगी भीषण आग; आसमान में उठा धुएं का गुबार, दमकल की गाड़ियां मौके पर

जमशेदपुर: टाटा स्टील एडवेंचर फाउंडेशन रोइंग अकादमी का राष्ट्रीय मंच पर धमाका,नेशनल चैम्पियनशिप में जीते 4 पदक