जमशेदपुर : टाटा स्टील एडवेंचर फाउंडेशन रोइंग अकादमी ने भारतीय खेल जगत में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। कटक में संपन्न हुई नेशनल इंडोर रोइंग चैम्पियनशिप 2026 में अकादमी के खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर कुल चार पदक जीतकर जमशेदपुर और झारखंड का नाम पूरे देश में रोशन किया है।
अंतिम दिन महिला रिले टीम ने जीता कांस्य
चैम्पियनशिप के अंतिम दिन टीएसएएफ की महिला रिले टीम श्रेया कुमारी, कोमल कुमारी, गौरी कुमारी साहू और अदिति यादव ने अपनी ताकत और तालमेल का लोहा मनवाया।इस चौकड़ी ने महिला रिले स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल कर अकादमी के अभियान का शानदार समापन किया।
शून्य से शिखर तक का सफर: महज 2 साल में मिली सफलता
टीएसएएफ रोइंग अकादमी की यह जीत इसलिए भी खास है क्योंकि इसकी शुरुआत केवल दो वर्ष पहले हुई थी। अकादमी ने बेहद कम बुनियादी ढांचे और बिना किसी औपचारिक व्यवस्था के अपनी यात्रा शुरू की थी।संसाधनों की कमी को कोच और खिलाड़ियों ने अपने दृढ़ संकल्प और नवाचारपूर्ण प्रयासों से दूर किया। अकादमी के अधिकांश खिलाड़ी ग्रामीण पृष्ठभूमि, विशेषकर जमशेदपुर के डिमना क्षेत्र से आते हैं। यह सफलता जमीनी स्तर पर खेल विकास के प्रति टीएसएएफ की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
नेशनल रोइंग में बनी ‘पावरहाउस’ पहचान
इस चैम्पियनशिप में लगातार पोडियम फिनिश (पदक जीतना) ने यह साबित कर दिया है कि टीएसएएफ रोइंग अकादमी अब राष्ट्रीय स्तर पर एक भरोसेमंद ‘हाई-परफॉर्मेंस सेंटर’ के रूप में उभर चुकी है। चार राष्ट्रीय पदक जीतना किसी भी नई अकादमी के लिए एक दुर्लभ उपलब्धि है।अकादमी प्रबंधन के अनुसार, यह प्रदर्शन केवल पदकों की संख्या नहीं है, बल्कि उस कार्य संस्कृति का परिणाम है जो खिलाड़ियों के दीर्घकालिक विकास और उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर के अवसर प्रदान करने में विश्वास रखती है।
