मानगो नगर निगम की पहली बोर्ड बैठक: मेयर सुधा गुप्ता का कड़ा एक्शन; लापरवाह कंपनी सस्पेंड, कर्मचारी कार्यमुक्त, विकास पर बनी सहमति

जमशेदपुर :मानगो नगर निगम कार्यालय में गुरुवार को निगम की पहली औपचारिक बोर्ड बैठक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता मेयर सुधा गुप्ता ने की, जिसमें उप मेयर राहुल कश्यप और उप नगर आयुक्त कृष्णा कुमार के साथ सभी वार्ड पार्षद मौजूद रहे। बैठक का मुख्य एजेंडा मानगो की बुनियादी समस्याओं का समाधान और लंबित विकास योजनाओं को गति देना था।

मेयर का कड़ा रुख: कंपनी और कर्मचारी पर गिरी गाज

बैठक के दौरान मेयर सुधा गुप्ता पूरी तरह ‘एक्शन मोड’ में नजर आईं। कार्यों में ढिलाई और जनता की शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए उन्होंने दो बड़े फैसले लिए। कार्य में लापरवाही बरतने के कारण ‘ड्यूक’ नामक ठेका कंपनी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। निगम के कर्मचारी निर्मल कुमार को भी ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में कार्यमुक्त कर दिया गया।

बुनियादी सुविधाओं पर विस्तृत चर्चा

बोर्ड ने मानगो क्षेत्र की चार प्रमुख समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने का निर्णय लिया है। कचरे का समय पर उठाव सुनिश्चित करना और नालों की नियमित सफाई। भीषण गर्मी को देखते हुए पेयजल की सुचारू आपूर्ति और खराब पड़े चापाकलों की तत्काल मरम्मत।होल्डिंग टैक्स व्यवस्था को पारदर्शी और दुरुस्त करना।रुके हुए निर्माण कार्यों और नए प्रोजेक्ट्स को धरातल पर उतारना।

“मानगो को सुंदर बनाना हमारा लक्ष्य” – उप नगर आयुक्त

उप नगर आयुक्त कृष्णा कुमार ने बैठक के बाद कहा कि यह पहली बैठक मानगो के भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण रही। उन्होंने बताया कि प्रशासन का पूरा ध्यान इस बात पर है कि कैसे क्षेत्र को सुंदर बनाया जाए और सफाई व पानी जैसी बुनियादी समस्याओं का स्थायी समाधान निकाला जाए। उन्होंने भरोसा जताया कि बहुत जल्द इन फैसलों का असर जमीन पर दिखेगा।

More From Author

जांबाज कैप्टन की वापसी: ईरान-इजरायल युद्ध के बीच समंदर में फंसे जमशेदपुर के मनीष लौटे घर; सूझबूझ से बचाई 40 जिंदगियां