जमशेदपुर: शहर में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला बिरसानगर थाना क्षेत्र का है, जहां चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर नकदी और गहनों की बड़ी चोरी को अंजाम दिया।घटना बिरसानगर जोन नंबर तीन स्थित हरि मंदिर के पास रहने वाले सुरेश गोप के घर में हुई।
रात में सोते समय घर में घुसे चोर
जानकारी के मुताबिक, वारदात उस समय हुई जब घर के सभी सदस्य रात में सो रहे थे। इसी दौरान चोर घर में घुस गए और अलमारी का ताला तोड़कर करीब 75 हजार रुपये नकद और लगभग 2 लाख रुपये के गहने लेकर फरार हो गए।घटना का पता तब चला जब देर रात घर की एक महिला सदस्य की नींद खुली और उन्होंने अलमारी खुली देखी।
स्प्रे इस्तेमाल की आशंका
पीड़ित सुरेश गोप ने आशंका जताई है कि चोरों ने वारदात को अंजाम देने के लिए किसी तरह के स्प्रे का इस्तेमाल किया होगा।उनका कहना है कि शायद इसी वजह से घर के सभी लोग गहरी नींद में सोते रहे और किसी को भी चोरी की भनक नहीं लगी।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके। इस मामले में पीड़ित ने बिरसानगर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
शादी से पहले बढ़ी परिवार की परेशानी
पीड़ित ने बताया कि 3 मई को उनकी भतीजी की शादी है और उसी के लिए घर में नकदी और गहने रखे गए थे।चोरी की इस घटना के बाद परिवार के सामने नई परेशानी खड़ी हो गई है। वहीं, शहर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है।
