जमशेदपुर : लौहनगरी के मानगो क्षेत्र में रहने वाले लाखों लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। शहर की लाइफलाइन माने जाने वाले मानगो फ्लाईओवर का निर्माण कार्य अब अपने निर्णायक दौर में पहुँच चुका है। पथ निर्माण विभाग ने इस बहुप्रतीक्षित परियोजना को 31 जुलाई 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है।
परियोजना की वर्तमान स्थिति: पिलर का काम पूरा
फ्लाईओवर निर्माण में एक बड़ी बाधा पार कर ली गई है। फ्लाईओवर के सभी 57 पिलर बनकर तैयार हो चुके हैं। इस 2.8 किलोमीटर लंबे, चार लेन वाले फ्लाईओवर के निर्माण पर लगभग 252 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। अधीक्षण अभियंता दीपक सहाय के अनुसार, कार्य निर्धारित समय-सारणी (शेड्यूल) के अनुसार चल रहा है और अब स्लैब व फिनिशिंग का काम युद्धस्तर पर जारी है।
जाम के झाम से मिलेगी परमानेंट राहत
वर्तमान में साकची से डिमना जाने वाला मार्ग शहर का सबसे व्यस्त और जाम प्रभावित इलाका है। फ्लाईओवर बनने से इन क्षेत्रों को सीधा लाभ होगा जिससे मरीन ड्राइव गोलचक्कर, बस स्टैंड गोलचक्कर, ओल्ड पुरुलिया रोड, डिमना रोड और पायल सिनेमा रोड पर ट्रैफिक का दबाव 70% तक कम होने की उम्मीद है। ऑफिस, स्कूल और बाजार जाने वाले लोगों को अब घंटों जाम में नहीं फंसना होगा। साकची से डिमना तक का सफर मिनटों में तय होगा।भारी वाहनों और लंबी दूरी के ट्रैफिक को फ्लाईओवर के ऊपर से गुजारा जाएगा, जिससे नीचे की सड़कों पर स्थानीय यातायात सुगम हो सकेगा।
शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार
मानगो पुल पर लगने वाले जाम का सबसे बुरा असर एम्बुलेंस और स्कूल बसों पर पड़ता था। स्कूल समय (सुबह और दोपहर) में होने वाली अफरा-तफरी खत्म होगी। मानगो में ट्रैफिक स्मूथ होने से इसका सकारात्मक असर साकची के गोलचक्करों और सड़कों पर भी दिखेगा, जहाँ वर्तमान में मानगो की ओर से आने वाली गाड़ियों की लंबी कतार लगी रहती है।
प्रशासन की प्रतिबद्धता
पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों का कहना है कि वे गुणवत्ता और समय सीमा दोनों का विशेष ध्यान रख रहे हैं। 31 जुलाई तक काम पूरा होने के बाद, ट्रायल रन किया जाएगा और फिर इसे आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा।
