गम्हरिया/जमशेदपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत गंजिया बैराज में बुधवार को एक बड़ा हादसा हो गया। स्कूल जाने के बजाय दोस्तों के साथ घूमने निकले पांच छात्र बैराज में नहाने के दौरान गहरे पानी में समा गए। इस हादसे में एक छात्र की डूबकर दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार अन्य को स्थानीय लोगों की सूझबूझ से सुरक्षित बचा लिया गया।
मृतक की पहचान
मृतक छात्र की पहचान जमशेदपुर के धातकीडीह निवासी फहद रहमान (17 वर्ष) के रूप में हुई है। फहद आंध्रा स्कूल में 12वीं कक्षा का छात्र था। इस खबर के बाद उसके परिवार और स्कूल में शोक की लहर दौड़ गई है।
कैसे हुआ हादसा?
पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार पांचों छात्र बुधवार को स्कूल न जाकर घूमने की योजना बनाकर सुबह करीब 11 बजे गंजिया बैराज पहुंचे थे।नहाने के दौरान छात्र पानी की गहराई का सटीक अंदाजा नहीं लगा सके और गहरे पानी की ओर चले गए, जहाँ वे डूबने लगे। बच्चों को डूबता देख वहां मौजूद स्थानीय लोग तुरंत पानी में कूदे। उन्होंने चार बच्चों को तो सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन जब तक फहद को बाहर निकाला गया, उसकी सांसें थम चुकी थीं।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
घटना की सूचना मिलते ही गम्हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। प्रारंभिक जांच में यह बात पुख्ता हुई है कि छात्र घर से स्कूल के लिए निकले थे, लेकिन प्रबंधन और परिजनों को बिना जानकारी दिए बैराज पहुंच गए थे। पुलिस अब इस मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
