जमशेदपुर/आदित्यपुर। विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर आज शहर के विभिन्न स्कूलों में पर्यावरण संरक्षण की गूंज सुनाई दी। नगर विकास एवं आवास विभाग (झारखंड सरकार) के निर्देशों पर क्यूब आदित्यपुर वेस्ट मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड द्वारा एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान का मुख्य आकर्षण गीता थिएटर के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किए गए प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक रहे।
कला के माध्यम से स्वच्छता का पाठ
गीता थिएटर की युवा टीम ने जुगसलाई, आदित्यपुर, कपाली और मानगो नगर निगम क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों में “धरती को बचाने की गुहार”ननामक नाटक का मंचन किया। कलाकारों ने गीतों, नारों और अपने सजीव अभिनय के जरिए छात्रों को ग्लोबल वार्मिंग और बढ़ते प्रदूषण के गंभीर खतरों से अवगत कराया।
कचरा प्रबंधन और ‘जीरो वेस्ट’ पर जोर
कार्यक्रम के दौरान क्यूब आदित्यपुर वेस्ट मैनेजमेंट की टीम ने विद्यार्थियों को कचरे के सही निस्तारण के व्यावहारिक तरीके सिखाए। सूखे और गीले कचरे को अलग-अलग रखने का महत्व।घरों का कचरा केवल कचरा गाड़ी में ही डालने की अपील।छोटे प्रयासों से शहर को कचरा मुक्त बनाने और स्वस्थ जीवन जीने की सीख दी गई।
छात्रों में दिखा उत्साह
नाटक के समापन के बाद एक प्रश्नोत्तरी सत्र का आयोजन किया गया। नाटक के दृश्यों और पर्यावरण से जुड़े सवालों का सही जवाब देने वाले छात्रों को क्यूब आदित्यपुर वेस्ट मैनेजमेंट की ओर से प्रशंसा पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि किताबी ज्ञान की तुलना में कला और अभिनय के माध्यम से दी गई यह सीख बच्चों के मन पर गहरी छाप छोड़ती है।
इन कलाकारों ने बिखेरा जलवा
नुक्कड़ नाटक दल में गीता कुमारी, अनंत सरदार, खुशी पाण्डेय, प्रेम दीक्षित, अभिषेक राजू और हिमांशु गुप्ता ने अपने ऊर्जावान अभिनय से शिक्षकों और विद्यार्थियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
शपथ के साथ समापन:
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने पृथ्वी और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की सामूहिक शपथ ली। समारोह का समापन गौरवपूर्ण ‘वंदे मातरम’ के गान के साथ हुआ।
