जमशेदपुर:जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए कायरतापूर्ण आतंकी हमले की पहली बरसी के अवसर पर रविवार को लौहनगरी में शहीदों को नमन किया गया। अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, जमशेदपुर द्वारा गोलमुरी स्थित शहीद स्मारक पर एक विशेष श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जिसमें पूर्व सैनिकों और आम नागरिकों ने नम आंखों से वीर बलिदानियों को याद किया।
शहीद स्मारक पर गूंजे देशभक्ति के नारे
संध्या 5:30 बजे आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और पुष्पांजलि के साथ हुई। शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित करने के बाद उपस्थित जनसमूह ने दो मिनट का मौन रखकर अमर शहीदों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान पूरा वातावरण “भारत माता की जय” और “वीर शहीद अमर रहें” जैसे गगनभेदी नारों से गूंज उठा।
मानवता और शांति पर प्रहार
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने पहलगाम हमले को मानवता और सामाजिक सौहार्द पर सीधा प्रहार बताया। वरुण कुमार (झारखंड प्रदेश प्रतिनिधि) ने कहा कि शहीदों की स्मृति हमें सदैव एकजुट रहने, सतर्क रहने और आतंकवाद के खिलाफ अडिग संकल्प के साथ खड़े होने की प्रेरणा देती है। विनय कुमार यादव (अध्यक्ष, परिषद) ने कहा कि शहीदों की कुर्बानी देश कभी नहीं भूलेगा। हमें उनके आदर्शों को अपनाकर राष्ट्रहित में कार्य करना चाहिए और समाज में शांति बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास करने होंगे।
समाज की एकजुटता का प्रदर्शन
इस गरिमामय कार्यक्रम में न केवल पूर्व सैनिकों, बल्कि विभिन्न सामाजिक संगठनों, युवाओं और प्रबुद्ध नागरिकों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। सभी ने एक स्वर में आतंकवाद की कड़ी निंदा की और देश की एकता व अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने शहीदों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की और संकल्प लिया कि वे समाज में जागरूकता फैलाने और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाते रहेंगे।
