चांडिल में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार युवकों को कुचला, एक की मौत, दो गंभीर

चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना एनएच-32 बाईपास पर भालुककोचा के पास हुई, जहां तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर धनबाद से जमशेदपुर की ओर जा रहा था, जबकि बाइक सवार तीनों युवक चांडिल से स्टेशन की ओर जा रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर बाइक और युवकों को करीब 50 फीट तक घसीटता हुआ ले गया।

एक युवक की मौके पर मौत

हादसे में झिमरी गांव निवासी रोहित महतो की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं उसके दो साथी आकाश और कांति महतो गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत चांडिल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर रेफर कर दिया गया।

कॉलेज से लौटते समय हुआ हादसा

बताया जा रहा है कि तीनों युवक एक ही बाइक पर चांडिल कॉलेज आए थे। कॉलेज से वापस घर लौटने के दौरान उनकी बाइक ट्रेलर की चपेट में आ गई।हादसे में बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

ट्रेलर जब्त, चालक फरार

घटना के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ट्रेलर को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश की जा रही है।घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा गया। पुलिस ने मृतक और घायलों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है और मामले की जांच जारी है।

More From Author

पहलगाम आतंकी हमले की पहली बरसी: जमशेदपुर में पूर्व सैनिकों ने दी शहीदों को श्रद्धांजलि, आतंकवाद के खिलाफ एकजुटता का संकल्प

Ranchi: “एक भी योग्य मतदाता न छूटे”, मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर सीएम हेमंत सोरेन ने कार्यकर्ताओं को दिए कड़े निर्देश