बच्चों की सुरक्षा, स्वास्थ्य व्यवस्था और दिव्यांग हितों को लेकर उपायुक्त से मिले कुणाल षाड़ंगी

जमशेदपुर:झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता सह पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने शुक्रवार को पूर्वी सिंहभूम के नए उपायुक्त राजीव रंजन और अनुमंडल पदाधिकारी अर्णव मिश्रा से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने स्कूली बच्चों की सुरक्षा, ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था और दिव्यांगजनों की सहूलियत से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा की और महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

स्कूली बच्चों के लिए ‘नो एंट्री’ के समय में बदलाव का सुझाव

कुणाल षाड़ंगी ने स्कूलों की छुट्टी के समय सड़कों पर रहने वाले जोखिम पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि स्कूलों की छुट्टी और सड़कों पर भारी मालवाहक वाहनों की नो एंट्री हटने के समय में बहुत कम अंतर है। स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नो एंट्री के समय को पुनर्गठित किया जाए ताकि बच्चे सुरक्षित घर पहुंच सकें।

गोबिना मुंडा के परिजनों को मिली आर्थिक सहायता

विशाखापत्तनम में जान गंवाने वाले गोबिना मुंडा के पार्थिव शरीर को वापस लाने और परिजनों को मदद दिलाने के मामले में कुणाल ने 50,000 रुपये की आर्थिक सहायता की मांग उठाई थी। उपायुक्त ने जानकारी दी कि प्रशासन द्वारा परिवार को 50,000/- रुपये की सहायता राशि उपलब्ध करा दी गई है।

बदहाल कल्याण अस्पताल पर जताई चिंता

कुणाल ने गुड़ाबांधा प्रखंड के बनमकड़ी स्थित कल्याण अस्पताल की जर्जर स्थिति और वहां बुनियादी सुविधाओं की कमी का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि अस्पताल की हालत बदतर होने के कारण ग्रामीणों को उचित इलाज नहीं मिल पा रहा है। इस पर उपायुक्त ने आश्वासन दिया कि जल्द ही इस समस्या का ठोस समाधान निकाला जाएगा।

दिव्यांगों के लिए प्रखंड स्तर पर लगेंगे विशेष कैंप

भीषण गर्मी को देखते हुए दिव्यांगजनों को अनुमंडल या जिला मुख्यालय आने में होने वाली परेशानी पर भी चर्चा हुई। दिव्यांगजनों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए अब प्रत्येक प्रखंड में प्रमाणिकता प्रमाण पत्र के लिए विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। इससे दिव्यांगों को उनके घर के समीप ही आवश्यक सरकारी सुविधाएं मिल सकेंगी।

More From Author

जमशेदपुर: राजद नेताओं ने उपायुक्त राजीव रंजन और सिटी एसपी ललित कुमार मीणा का किया अभिनंदन

जमशेदपुर: सिदगोड़ा में भव्य माँ दुर्गा और शनि देव मंदिर की तैयारी अंतिम चरण में; 2 मई से शुरू होगा तीन दिवसीय प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव