जमशेदपुर: बागबेड़ा-कीताडीह क्षेत्र की जिला परिषद सदस्य डॉ. कविता परमार ने शनिवार को पूर्वी सिंहभूम के नवनियुक्त उपायुक्त राजीव रंजन से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने उपायुक्त को बधाई देने के साथ-साथ अपने क्षेत्र की गंभीर समस्याओं के समाधान हेतु एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
कचरा उठाओ गाड़ी की सुविधा विस्तार की मांग
डॉ. परमार ने उपायुक्त को अवगत कराया कि वर्तमान में बागबेड़ा कॉलोनी और मध्य बागबेड़ा पंचायत में कचरा उठाओ गाड़ी की सेवा शुरू हो चुकी है। लेकिन अन्य पंचायतों की जनता भी इस सुविधा की राह देख रही है। उत्तर-पूर्वी बागबेड़ा, दक्षिण बागबेड़ा, पश्चिम बागबेड़ा, पूर्वी बागबेड़ा, उत्तरी बागबेड़ा और उत्तरी कीताडीह में भी कचरा वाहन सेवा जल्द शुरू करने की मांग की गई।
जलापूर्ति और स्लुइस गेट का मुद्दा
क्षेत्र की सबसे बड़ी जरूरत बागबेड़ा वृहद जलापूर्ति योजना को लेकर डॉ. कविता परमार ने सीधे धरातल की स्थिति उपायुक्त के समक्ष रखी। उन्होंने वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और बड़ौदा घाट साइट पर काम की वर्तमान प्रगति की जानकारी दी और काम को सभी फ्रंट पर तेज करने का आग्रह किया।उत्तरी और पश्चिमी बागबेड़ा को जलजमाव से बचाने के लिए स्लुइस गेट को दुरुस्त करने की अनिवार्यता पर जोर दिया गया।
डीबी रोड सब्जी बाजार: गंदगी और टैक्स वसूली पर सवाल
ज्ञापन में डीबी रोड मजार के पास लगने वाले सब्जी बाजार की अव्यवस्था का भी जिक्र किया गया। डॉ. परमार ने शिकायत की कि बाजार समिति द्वारा मासूल (टैक्स) की वसूली तो की जाती है, लेकिन साफ-सफाई की कोई व्यवस्था नहीं है। उपायुक्त ने इस मामले में बाजार समिति से बात कर कचरे के ढेर का सुनियोजित समाधान निकालने का आश्वासन दिया।
डीसी का त्वरित एक्शन: डीडीसी को दिए निर्देश
मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त राजीव रंजन ने मौके पर ही उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान को इन समस्याओं पर संज्ञान लेने और त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके बाद डॉ. परमार ने डीडीसी से भी मुलाकात कर सभी बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की।
