पटमदा: टाटा-पटमदा मुख्य सड़क पर शनिवार सुबह करीब 10 बजे एक भीषण दुर्घटना होते-होते बची। पटमदा थाना क्षेत्र के जलडहर के पास एक तेज रफ्तार अनियंत्रित बस ने आगे चल रही पिकअप वैन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। गनीमत रही कि इस टक्कर में किसी भी यात्री या चालक को गंभीर चोट नहीं आई।
टक्कर से बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, निरसा से जमशेदपुर की ओर जा रही ‘सिक्सर’ बस काफी तेज गति में थी। जलडहर के पास बस के आगे चल रही पिकअप वैन अचानक साइड लेकर रुकी, जिसे बस चालक भांप नहीं सका और पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और सामने का शीशा टूटकर सड़क पर बिखर गया।दुर्घटना के बाद बस और वैन चालकों के बीच तीखी बहस हुई। शुरुआत में बस चालक अपनी गलती मानने को तैयार नहीं था, लेकिन स्थानीय लोगों के समझाने और दबाव के बाद उसने अपनी लापरवाही स्वीकार की।
यात्रियों को लेकर रवाना हुई बस
हादसे के बाद बस चालक ने स्थिति को सामान्य किया और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए बस को लेकर जमशेदपुर के लिए रवाना हो गया। चूंकि किसी को चोट नहीं आई थी, इसलिए मामला पुलिस तक पहुंचने से पहले ही आपसी सहमति से सुलझ गया।
ग्रामीणों ने जताई चिंता: “रफ्तार पर लगे लगाम”
इस मुख्य मार्ग पर लगातार बढ़ रही वाहनों की रफ्तार से स्थानीय ग्रामीण बेहद चिंतित हैं।ग्रामीणों का कहना है कि टाटा-पटमदा मार्ग पर बसें और भारी वाहन अक्सर निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करते हैं।जलडहर और आसपास के क्षेत्रों में पहले भी कई छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर गति सीमा पर नियंत्रण के लिए स्पीड ब्रेकर या पुलिस गश्त की व्यवस्था की जाए।
