सरायकेला: बोकारो कोषागार घोटाले के बाद अलर्ट पर प्रशासन, डीसी ने 4 घंटे तक खंगाले दस्तावेज

सरायकेला : बोकारो कोषागार से जुड़ी वित्तीय अनियमितताओं की गूंज अब सरायकेला-खरसावां जिले में भी सुनाई देने लगी है। बुधवार को उपायुक्त नितीश कुमार सिंह ने जिला कोषागार और स्ट्रांग रूम का लगभग चार घंटे तक सघन निरीक्षण किया। इस औचक निरीक्षण से समाहरणालय के विभिन्न विभागों में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

चार घंटे तक ‘लॉकडाउन’ में रही जांच

जांच के दौरान पारदर्शिता और गोपनीयता बनाए रखने के लिए उपायुक्त ने कड़े रुख अपनाए। जांच शुरू होते ही कोषागार परिसर को बाहरी व्यक्तियों के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया।उपायुक्त के साथ एडीसी जयवर्धन कुमार और कोषागार पदाधिकारी अपर्णा सिंह मौजूद रहीं। टीम ने एक-एक अभिलेख और निकासी से संबंधित फाइलों की बारीकी से जांच की। डीसी ने मुख्यालय के बेसमेंट में स्थित स्ट्रांग रूम का भी जायजा लिया।

टॉर्च की रोशनी में ‘अभिलेखों की पड़ताल’

निरीक्षण के दौरान एक नाटकीय मोड़ तब आया जब खराब मौसम के कारण पूरे जिला मुख्यालय की बिजली गुल हो गई। इसके बावजूद उपायुक्त पीछे नहीं हटे और उन्होंने मोबाइल और टॉर्च की रोशनी में ही महत्वपूर्ण अभिलेखों की पड़ताल जारी रखी।

अनियमितताएं मिलीं, सुधार के निर्देश

मीडिया से बात करते हुए उपायुक्त नितीश कुमार सिंह ने इसे एक ‘रूटीन चेकअप’ बताया, लेकिन इसके पीछे की गंभीरता को भी स्पष्ट किया। डीसी ने कहा कि अन्य जिलों (बोकारो) में सामने आए घोटालों को देखते हुए यह जांच की जा रही है ताकि जिले में ऐसी किसी भी संभावना को रोका जा सके।उन्होंने स्वीकार किया कि जांच के दौरान कुछ अनियमितताएं पाई गई हैं, जिन्हें तत्काल सुधारने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।अवैध निकासी के सवालों पर उन्होंने कहा कि फिलहाल किसी बड़े घोटाले के स्पष्ट प्रमाण नहीं मिले हैं, लेकिन सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है।

दफ्तरों में मची अफरा-तफरी

उपायुक्त की इस लंबी और सख्त जांच का असर पूरे समाहरणालय में दिखा। विभिन्न विभागों के कर्मचारी और क्लर्क अपनी-अपनी फाइलों को दुरुस्त करने के लिए इधर-उधर दौड़ते नजर आए। प्रशासन की इस सक्रियता ने यह संदेश दे दिया है कि वित्तीय मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

More From Author

बोकारो एयरपोर्ट: उड़ान की मांग को लेकर 2 मई को महाधरना,’हवाई अड्डा बचाओ संघर्ष समिति’ ने शुरू की बड़ी पहल

जमशेदपुर: ब्राउन शुगर सिंडिकेट का अंतिम फरार आरोपी मो. ईमरान गिरफ्तार, 13 महीने से था पुलिस की रडार पर