बोकारो एयरपोर्ट: उड़ान की मांग को लेकर 2 मई को महाधरना,’हवाई अड्डा बचाओ संघर्ष समिति’ ने शुरू की बड़ी पहल

बोकारो: बोकारो हवाई अड्डे से कमर्शियल उड़ानें शुरू होने का इंतजार अब खत्म करने के लिए हवाई अड्डा बचाओ संघर्ष समिति ने निर्णायक आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मंजूर अंसारी ने घोषणा की है कि आगामी 2 मई को एयरपोर्ट गेट के सामने एक विशाल धरना प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।

गैर-राजनीतिक मंच से एकजुटता की अपील

बोकारो सर्किट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए मंजूर अंसारी ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन किसी एक पार्टी का नहीं है। उन्होंने इस धरने को ‘हवाई अड्डा बचाओ संघर्ष समिति’ के बैनर तले आयोजित करने का निर्णय लिया है, ताकि सभी दलों के नेता और आम नागरिक इसमें शामिल हो सकें।अंसारी ने कहा कि एयरपोर्ट बोकारो के विकास के लिए ‘मील का पत्थर’ साबित होगा, इसलिए इसके लिए सभी जनप्रतिनिधियों को एक साथ आना चाहिए।

“केंद्र और राज्य मिलकर दूर करें बाधाएं”

मंजूर अंसारी ने उड़ान सेवा में आ रही अड़चनों पर चिंता जताते हुए दोनों सरकारों और प्रशासनिक अधिकारियों से अपील की। केंद्र और राज्य सरकार आपसी तालमेल बिठाकर उन तकनीकी बाधाओं और त्रुटियों को दूर करें जिनकी वजह से लाइसेंस या उड़ान प्रक्रिया रुकी हुई है।बोकारो एक प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र है। यहां से हवाई सेवा शुरू होने से न केवल व्यापारिक गतिविधियां बढ़ेंगी, बल्कि विकास की गति भी तेज होगी।

धनबाद बनाम बोकारो की राजनीति

गौरतलब है कि हाल ही में धनबाद के भाजपा सांसद ढुल्लू महतो द्वारा धनबाद में हवाई अड्डा निर्माण को लेकर दिए गए धरने के बाद से कोयलांचल में एयरपोर्ट की राजनीति गरमा गई है। अब मंजूर अंसारी की इस पहल को बोकारो के हक की आवाज को मजबूती देने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

More From Author

जमशेदपुर: साकची में भामाशाह जयंती पर ‘स्वाभिमान दिवस’ का आयोजन, मनोज गुप्ता के नेतृत्व में बंटा चना और शरबत