बिरसानगर में युवक ने की आत्महत्या, परिवार में पसरा मातम

जमशेदपुर : बिरसानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत जोन नंबर-4 में शुक्रवार देर रात टाटा मोटर्स के पेंट शॉप विभाग में कार्यरत 36 वर्षीय सुनील कुमार ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी शनिवार सुबह तब हुई जब काफी देर तक सुनील के कमरे का दरवाजा नहीं खुला।

जनवरी में ही मिला था खुशियों का सौगात

सुनील कुमार लंबे समय से टाटा मोटर्स में अपनी सेवा दे रहे थे। मृतक के पिता भरत जायसवाल ने बताया की लंबे इंतजार के बाद इसी वर्ष जनवरी 2026 में सुनील की नौकरी टाटा मोटर्स में स्थायी हुई थी। शुक्रवार (8 मई) को वह अपनी ड्यूटी पूरी कर घर लौटे थे और सामान्य रूप से अपने कमरे में चले गए थे।

रात भर नहीं खुला दरवाजा, सुबह मिली लाश

परिजनों के अनुसार, रात को खाने के लिए कई बार सुनील को आवाज दी गई और दरवाजा खटखटाया गया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। परिवार को लगा कि वह थकान की वजह से सो गए होंगे। शनिवार सुबह भी जब दरवाजा नहीं खुला, तो परिजनों ने अनहोनी की आशंका में बिरसानगर थाना को सूचित किया।मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो सुनील का शव पंखे के सहारे फंदे से लटका हुआ पाया गया।

उजड़ गया हँसता-खेलता परिवार

सुनील कुमार विवाहित थे और अपने पीछे पत्नी व एक तीन वर्षीय मासूम बेटी को छोड़ गए हैं। इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहल्ले के लोग भी इस बात से स्तब्ध हैं कि जिस युवक की नौकरी अभी कुछ महीने पहले ही स्थायी हुई थी, उसने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया।

पुलिस जांच और पोस्टमार्टम

पुलिस ने प्रारंभिक पंचनामा के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद होने की सूचना नहीं है। पुलिस सुनील के मोबाइल रिकॉर्ड और पारिवारिक स्थिति की जांच कर रही है ताकि आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता लगाया जा सके।

More From Author

डीबीएमएस कॉलेज में टैगोर जयंती: ‘जीवन गाथा’ से जीवंत हुए गुरुदेव के विचार; छात्राओं ने पेश की मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

झींकपानी: सब्जी बेचने जा रहे ग्रामीण पर अंधाधुंध ‘तीरवर्षा’; आरोपी ने चलाए 20 तीर, 3 शरीर में धंसे, हालत नाजुक

Recent News