जमशेदपुर : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की अप्रत्याशित जीत ने झारखंड के सीमावर्ती शहर जमशेदपुर में भी भारी उत्साह भर दिया है। शनिवार को गोलमुरी मंडल के वरिष्ठ नेता अप्पा राव के नेतृत्व में टिनप्लेट चौक पर विजय उत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें आतिशबाजी और लड्डू वितरण के जरिए खुशी का इजहार किया गया।
विधायक पूर्णिमा साहू ने दी बधाई
इस विजय उत्सव में मुख्य रूप से जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू शामिल हुईं। उन्होंने अपने हाथों से राहगीरों और स्थानीय लोगों के बीच लड्डू बांटकर बंगाल की जीत का जश्न साझा किया।विधायक ने कहा कि बंगाल की यह जीत केवल भाजपा की नहीं, बल्कि वहां की शोषित जनता की जीत है। वर्षों से बंगाल में जनता की आवाज को दबाया जा रहा था, जिसका जवाब वहां के लोगों ने वोट के माध्यम से दिया है।
‘तुगलकी शासन’ के अंत पर तीखी प्रतिक्रिया
जश्न के दौरान भाजपा नेताओं ने पूर्ववर्ती सरकार पर जमकर निशाना साधा। वरिष्ठ नेता अप्पा राव ने कहा कि ममता सरकार ने बंगाल के विकास को दरकिनार कर दिया था। जनता ने उनके शासन के तौर-तरीकों को नकारते हुए विकास के पक्ष में मतदान किया है।भाजपा नेता मिथिलेश यादव ने कहा कि बंगाल में लगभग 40 साल से चले आ रहे दमनकारी राजनीतिक माहौल का अंत भाजपा ने कर दिखाया है। अब बंगाल को विकास की मुख्यधारा से जुड़ने से कोई नहीं रोक सकता।
आतिशबाजी से गूंज उठा चौक
कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर पटाखे फोड़े और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए। इस जश्न में कार्यकर्ताओं के साथ-साथ स्थानीय दुकानदार और आम नागरिक भी शामिल हुए।
प्रमुख उपस्थिति
इस अवसर पर भाजपा गोलमुरी मंडल अध्यक्ष पप्पू उपाध्याय, वरिष्ठ नेता खेमलाल चौधरी, पूर्व मंडल अध्यक्ष प्रबीर चटर्जी राणा, मनजीत सिंह, बलदेव सिंह समेत काफी संख्या में सक्रिय कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
