जमशेदपुर: टेल्को फायरिंग कांड का खुलासा; पुरानी रंजिश में चली थी गोलियां, हथियार के साथ सोनू झा और रितेश गिरफ्तार

जमशेदपुर:टेल्को थाना क्षेत्र के मिश्रा बगान में 8 मई की रात हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर उद्भेदन कर दिया है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने छापेमारी कर दो आरोपियों को अवैध हथियार और कारतूस के साथ दबोच लिया।

प्रतिशोध की आग: एक साल पुराना विवाद

पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि इस फायरिंग के पीछे बदला लेने की नीयत थी । लगभग एक साल पहले संदीप पांडेय ने रितेश कुमार सिंह उर्फ पुचू के साथ मारपीट की थी, जिसमें रितेश का हाथ-पैर टूट गया था। इसी का बदला लेने के लिए 8 मई की रात सोनू झा, रितेश और उनके साथियों ने मिश्रा बगान में संदीप पांडेय को निशाना बनाकर फायरिंग की थी।

तकनीकी सूचना और घेराबंदी

टेल्को थाना में मामला दर्ज होने के बाद सिटी एसपी के नेतृत्व में टीम ने आरोपियों का पीछा किया। 9 और 10 मई की दरम्यानी रात पुलिस ने बिरसा मुंडा जैम्को से सलगाजोरी फाटक जाने वाली कच्ची सड़क के पास एक झोपड़ी में दबिश दी।यहाँ से पुलिस ने सोनू झा (29 वर्ष) और रितेश कुमार सिंह उर्फ पुचू (29 वर्ष) को गिरफ्तार किया।

बरामदगी: बिहार के सहरसा से जुड़ा नेटवर्क

पुलिस ने आरोपियों के पास से घातक हथियार और गोलियां बरामद की हैं।पुलिस ने 7.65 बोर की एक देसी पिस्तौल , 7.65 बोर की 3 जिंदा गोलियां और 2 खोखा और एक रियलमी मोबाइल फोन बरामद किया है।पूछताछ में सोनू झा ने स्वीकार किया कि वह बिहार के सहरसा से अवैध हथियार लाकर यहाँ बेचता था। उसने पूर्व में मनोज कुमार नामक अपराधी को भी हथियार सप्लाई किया था।

आरोपियों का आपराधिक इतिहास

पकड़े गए आरोपियों का पहले से ही पुलिस रिकॉर्ड रहा है।सोनू झा के खिलाफ टेल्को (2018) और बिष्टुपुर (2025) थाना में पहले से ही मामले दर्ज हैं। पुलिस अब इस कांड में शामिल अन्य फरार साथियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

More From Author

जमशेदपुर: ब्राउन शुगर सिंडिकेट पर पुलिस का ‘प्रहार’; पति-पत्नी समेत 5 गिरफ्तार, साढ़े तीन लाख का माल बरामद

जमशेदपुर: ‘यात्रा’ संस्था ने ओल्ड एज होम में मनाया मदर्स डे; बुजुर्ग माताओं को बांटी साड़ियाँ, केक काटकर दीं खुशियां