जमशेदपुर में जंगली जानवर की दहशत, परसुडीह के मकदमपुर में घर में घुसने की सूचना

जमशेदपुर: जमशेदपुर में बीते 24 घंटे के दौरान संदिग्ध जंगली जानवर दिखने की घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है। पहले टाटानगर रेलवे यार्ड क्षेत्र में जंगली जानवर नजर आने की चर्चा हुई थी, वहीं अब परसुडीह थाना क्षेत्र के मकदमपुर इलाके में भी उसके पहुंचने की सूचना सामने आई है। लगातार दूसरी जगह पर जानवर दिखने की खबर से स्थानीय लोग भयभीत हैं।

घर में घुसने की खबर से मची अफरा-तफरी

बुधवार दोपहर परसुडीह के मकदमपुर स्थित मुंशी बाड़ी इलाके में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक घर में जंगली जानवर घुसने की बात सामने आई। स्थानीय निवासी भानु लाल के घर में परिवार के लोगों ने पलंग के नीचे किसी बड़े जंगली जीव को देखा।जानवर को देखते ही परिवार के सदस्य घबरा गए और शोर मचाने लगे। आवाज सुनकर आसपास के लोग भी बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए।

भीड़ बढ़ने पर झाड़ियों की ओर भागा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ देर तक जानवर घर के भीतर छिपा रहा। बाद में भीड़ और शोरगुल बढ़ने पर वह तेजी से बाहर निकला और पास की झाड़ियों की ओर भाग गया।घटनास्थल के आसपास मिट्टी में बड़े पंजों के निशान मिलने के बाद लोगों ने आशंका जताई कि यह तेंदुआ हो सकता है। हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

परिवार दहशत में

घर में मौजूद आभा देवी ने बताया कि वह कमरे में मोबाइल चला रही थीं। इसी दौरान उन्हें पलंग के नीचे हलचल महसूस हुई। जब उन्होंने झांककर देखा तो एक जंगली जानवर नजर आया, जिसके बाद घर में चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद से पूरा परिवार डरा हुआ है।

पुलिस ने बढ़ाई निगरानी

सूचना मिलने पर परसुडीह पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई। पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की है।

वन विभाग की भूमिका पर सवाल

स्थानीय लोगों का आरोप है कि बार-बार सूचना देने के बावजूद वन विभाग की टीम मौके पर सक्रिय नहीं दिख रही है। इससे लोगों में नाराजगी भी बढ़ रही है।

तेंदुआ या जंगली बिल्ली? बना हुआ है संशय

स्थानीय निवासी सबा आलम अंसारी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि रेलवे ट्रैक के पास दिखा जानवर तेंदुआ नहीं बल्कि जंगली बिल्ली जैसा लग रहा था। हालांकि इलाके में मिले पंजों के निशान और लोगों के दावों के बाद मामले को लेकर संशय बना हुआ है।

More From Author

जमशेदपुर: पैनिक और बैंक बंदी ने बिगाड़ा खेल; पेट्रोल पंपों पर जुटी भारी भीड़, संचालकों ने कहा- “घबराएं नहीं, स्टॉक पर्याप्त है”

मानगो को अनुमंडल बनाने की मांग तेज, जनआंदोलन की चेतावनी