जुगसलाई में ‘यूनिक कलेक्शन प्रतिष्ठान पर अंधाधुंध फायरिंग; बाल-बाल बचे दिनेश केडिया, सिटी एसपी बोले- ‘दहशत फैलाना था मकसद’

जमशेदपुर: शहर के जुगसलाई थाना अंतर्गत नगर परिषद कार्यालय के समीप अपराधियों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए एक बड़े कारोबारी को निशाना बनाया है। दिनेश कुमार केडिया के प्रतिष्ठान ‘यूनिक कलेक्शन’ में कार सवार अपराधियों ने गोलीबारी की और मौके से फरार हो गए।

करीब से चलाई गोली, बाल-बाल बची जान

प्रत्यक्षदर्शियों और प्राप्त जानकारी के अनुसार, वारदात के समय दिनेश कुमार केडिया अपने प्रतिष्ठान में मौजूद थे।एक कार में सवार होकर 3 से 4 अपराधी दुकान के बाहर पहुंचे। अपराधियों ने काफी करीब से कारोबारी पर गोली चला दी। गोली चलते ही दिनेश केडिया जान बचाने के लिए नीचे की ओर झुक गए और गिर पड़े। उन्हें गिरा हुआ देख अपराधियों को लगा कि काम हो गया है और वे तेजी से कार में सवार होकर फरार हो गए। सौभाग्य से इस हमले में कारोबारी को गोली नहीं लगी।

सिटी एसपी ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही सीटीएसपी ललित मीणा दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की। सिटी एसपी ने प्राथमिक जांच के बाद संभावना जताई है कि यह हमला रंगदारी मांगने या कारोबारी जगत में दहशत फैलाने के उद्देश्य से किया गया है। सिटी एसपी ने आश्वस्त किया है कि पुलिस के पास कुछ महत्वपूर्ण सुराग हैं और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

इलाके में बढ़ी चौकसी

नगर परिषद कार्यालय के समीप हुए इस हमले के बाद जुगसलाई के व्यापारियों में भारी नाराजगी और डर देखा जा रहा है।पुलिस आसपास के प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है ताकि उस कार की पहचान की जा सके जिसमें अपराधी सवार होकर आए थे। शहर के सभी एग्जिट पॉइंट्स पर चेकिंग बढ़ा दी गई है ताकि संदिग्धों को पकड़ा जा सके।

व्यापारियों में असुरक्षा की भावना

जुगसलाई एक प्रमुख व्यापारिक केंद्र है। व्यापारियों का कहना है कि अगर दिनदहाड़े मुख्य सड़क पर इस तरह की घटनाएं होंगी, तो व्यापार करना मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने प्रशासन से व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

More From Author

जमशेदपुर में आंधी-बारिश का कहर: साकची में बाइक सवार पर गिरा विशाल पेड़, सरायकेला का युवक गंभीर रूप से घायल

Recent News