जमशेदपुर में आंधी-बारिश का कहर: साकची में बाइक सवार पर गिरा विशाल पेड़, सरायकेला का युवक गंभीर रूप से घायल

जमशेदपुर : शहर में शुक्रवार शाम अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। तेज हवाओं के साथ हुई मूसलाधार बारिश के दौरान साकची बसंत टॉकीज मुख्य सड़क पर एक बड़ा हादसा हो गया। चलती सड़क पर एक विशाल पेड़ गिरने से उसकी चपेट में आकर एक बाइक सवार दब गया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बचाई जान

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक व्यक्ति अपनी बाइक से गोलमुरी की ओर जा रहा था। जैसे ही वह बसंत टॉकीज के पास पहुंचा, अचानक सड़क किनारे लगा एक भारी-भरकम पेड़ उखड़कर उसके ऊपर गिर पड़ा ।घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाई और कड़ी मशक्कत के बाद पेड़ की टहनियों के नीचे दबे युवक को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही साकची थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।

सरायकेला का रहने वाला है घायल

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, घायल युवक सरायकेला जिले का निवासी है। वह किसी निजी कार्य से जमशेदपुर आया था और अपने घर वापस लौट रहा था, तभी इस प्राकृतिक आपदा का शिकार हो गया। फिलहाल अस्पताल में उसका उपचार जारी है।

दो बाइक क्षतिग्रस्त, घंटों बाधित रहा यातायात

पेड़ गिरने की तीव्रता इतनी अधिक थी कि इसकी चपेट में केवल राहगीर ही नहीं, बल्कि ड्यूटी पर तैनात एक ट्रैफिक हवलदार की बाइक भी आ गई। हादसे में घायल युवक की बाइक और ट्रैफिक हवलदार की बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। बीच सड़क पर विशाल पेड़ के गिर जाने से साकची-गोलमुरी मुख्य मार्ग पर आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

राहत कार्य जारी

प्रशासन और स्थानीय नगर निकाय की टीम क्रेन और आरी की मदद से पेड़ को काटकर सड़क से हटाने के कार्य में जुटी है। पुलिस ने यातायात को डायवर्ट किया है ताकि राहगीरों को कम से कम परेशानी हो। समाचार लिखे जाने तक सड़क को पूरी तरह साफ करने का प्रयास जारी था।

More From Author

दलमा में ‘अभिप्राय राष्ट्रीय आर्ट वर्कशॉप’ का आगाज; 40 कलाकार कैनवास पर उकेरेंगे जैव विविधता के रंग, कल्पवृक्ष लगाकर हुआ उद्घाटन

जुगसलाई में ‘यूनिक कलेक्शन प्रतिष्ठान पर अंधाधुंध फायरिंग; बाल-बाल बचे दिनेश केडिया, सिटी एसपी बोले- ‘दहशत फैलाना था मकसद’