जमशेदपुर: कोल्हान यूनिवर्सिटी के ‘क्लस्टर सिस्टम’ और कॉलेजों से पीजी हटाने के खिलाफ फूका वीसी व हेमंत सरकार का पुतला

जमशेदपुर: कोल्हान विश्वविद्यालय द्वारा कॉलेजों में लागू किए जा रहे ‘क्लस्टर सिस्टम’, स्नातकोत्तर की पढ़ाई बंद करने और विभिन्न विषयों में सीटों व विभागों की कटौती के फैसले के खिलाफ सोमवार को आजसू छात्र संघ ने लाल बहादुर शास्त्री मेमोरियल कॉलेज के मुख्य द्वार पर उग्र प्रदर्शन किया। छात्र संघ ने विश्वविद्यालय के कुलपति और राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर छात्र-विरोधी नीतियां थोपने का आरोप लगाते हुए दोनों का संयुक्त पुतला दहन किया।

“गरीब और ग्रामीण छात्रों को उच्च शिक्षा से वंचित करने की साजिश”

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे एलबीएसएम कॉलेज छात्र संघ अध्यक्ष सोनू कुमार साव ने विश्वविद्यालय प्रशासन और राज्य सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने प्रदर्शनकारियों और मीडिया को संबोधित करते हुए कहा “यूनिवर्सिटी द्वारा बंद कमरों में बैठकर लागू किया जा रहा ‘क्लस्टर सिस्टम’ और कॉलेजों से पीजी विभागों को खत्म करने का निर्णय पूरी तरह से मनमाना, तानाशाही और छात्र-विरोधी है। एलबीएसएम कॉलेज में सुदूर ग्रामीण, आदिवासी, पिछड़े और अत्यंत गरीब परिवारों के बच्चे उच्च शिक्षा की उम्मीद लेकर आते हैं। अगर हमारे कॉलेज से पीजी की पढ़ाई हटा दी गई और विषयों की कटौती कर दी गई, तो ये गरीब छात्र इतनी दूर और महंगे खर्चों के साथ दूसरे केंद्रों पर जाकर पढ़ाई कैसे करेंगे? यह नीति सीधे तौर पर गरीब बच्चों को उच्च शिक्षा से दूर करने की एक सोची-समझी साजिश है।”

निजीकरण’ के खिलाफ उग्र आंदोलन और तालाबंदी की चेतावनी

पुतला दहन के दौरान छात्र नेताओं ने विश्वविद्यालय को स्पष्ट अल्टीमेटम दिया। छात्र नेता हिमाद्रि मंडल ने कहा कि क्लस्टर के नाम पर छात्रों को एक कॉलेज से दूसरे कॉलेज दौड़ाने और परेशान करने वाली यह व्यवस्था क्षेत्र के विद्यार्थियों के साथ सरासर अन्याय है, जो शिक्षा के निजीकरण की ओर इशारा करती है। आजसू कॉलेज सचिव चंदन कुमार पात्रो ने कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि यदि इस तानाशाही फैसले को विश्वविद्यालय ने तुरंत वापस नहीं लिया, तो आजसू पूरे कोल्हान प्रमंडल (जमशेदपुर, चाईबासा, सरायकेला) स्तर पर सभी कॉलेजों और यूनिवर्सिटी मुख्यालय में तालाबंदी कर उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी।वरिष्ठ नेत्री प्रतिमा शर्मा ने कहा कि सरकार और कुलपति बंद कमरों में नीतियां बनाना बंद करें और धरातल पर आकर छात्रों की व्यावहारिक व आर्थिक समस्याओं को समझें।

प्राचार्य के माध्यम से कुलसचिव को भेजा मांग पत्र

पुतला दहन कार्यक्रम से पूर्व छात्र संघ का एक प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष सोनू कुमार साव के नेतृत्व में कॉलेज के प्राचार्य से मिला। छात्रों ने कुलपति और कुलसचिव, कोल्हान विश्वविद्यालय के नाम एक लिखित ज्ञापन (मांग पत्र) सौंपा।ज्ञापन में मांग की गई है कि एलबीएसएम कॉलेज में पीजी की पढ़ाई यथावत जारी रखी जाए, क्लस्टर सिस्टम को वापस लिया जाए और किसी भी विषय की कटौती न की जाए।इस ऐतिहासिक विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से सोनू कुमार साव, चंदन कुमार पात्रो, हिमाद्रि मंडल, प्रतिमा शर्मा, आकाश कुमार, ईशा कुमारी, आकाश कुमार पात्रो सहित भारी संख्या में कॉलेज के छात्र-छात्राएं और शोधार्थी उपस्थित थे।

More From Author

सरायकेला: सड़क हादसों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस का ‘मेगा ड्राइव’, एसपी निधि द्विवेदी के निर्देश पर ड्रंकन ड्राइविंग के खिलाफ चली विशेष जांच

जमशेदपुर: साकची में महिला से चैन स्नैचिंग के बाद फायरिंग, बाइक सवार बदमाश फरार