जमशेदपुर: जमशेदपुर के साकची स्थित रामलीला मैदान के पास रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला से सोने की चैन छीन ली। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
दूध लेकर घर लौट रही महिला को बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार क्वार्टर नंबर L4/6 में रहने वाली महिला सुबह दूध लेकर अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और महिला के गले से सोने की चैन झपट ली।महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और भाग रहे बदमाशों को पकड़ने का प्रयास करने लगे।
घिरता देख बदमाशों ने की हवाई फायरिंग
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक खुद को घिरता देख बदमाशों ने पिस्टल निकाल ली और लोगों को डराने के लिए हवाई फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज सुनते ही इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।फायरिंग के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस चौकी के पास हुई घटना से उठे सवाल
यह घटना रामलीला मैदान स्थित टीओपी के बेहद करीब हुई है। ऐसे में स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि पुलिस चौकी के नजदीक अपराधियों ने खुलेआम चैन स्नैचिंग और फायरिंग जैसी वारदात को अंजाम देकर सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है।स्थानीय नागरिकों ने इलाके में नियमित पुलिस गश्ती बढ़ाने और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
