जमशेदपुर: सिंहभूम चैम्बर द्वारा दिव्यांगजनों के लिए रोजगार भर्ती कैम्प 23 मई को

जमशेदपुर: सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा यंग इंडियंस एवं लियोनार्ड चेशायर डिसेबिलिटी ट्रस्ट के सहयोग से 23 मई 2026 को चैम्बर भवन में स्माईल परियोजना के अंतर्गत दिव्यांगजनों के लिए रोजगार भर्ती कैम्प का आयोजन किया जाएगा। इस कैम्प का उद्देश्य कोल्हान एवं जमशेदपुर क्षेत्र के दिव्यांगजनों को विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।इस रोजगार भर्ती कैम्प का उद्घाटन पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त द्वारा किया जाएगा।

दिव्यांगजनों की समावेशी भागीदारी सुनिश्चित करना उद्देश्य

सिंहभूम चैम्बर अपने सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत लगातार दिव्यांगजनों के लिए रोजगार भर्ती कैम्प आयोजित करता रहा है। चैम्बर का कहना है कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों को सार्थक रोजगार के अवसर प्रदान कर कार्यबल में उनकी समावेशी एवं समान भागीदारी सुनिश्चित करना है।चैम्बर के पदाधिकारियों के अनुसार दिव्यांगजन अपनी प्रतिभा, समर्पण और विशिष्ट दृष्टिकोण के माध्यम से संस्थानों की कार्यक्षमता और विविधता में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

कई प्रतिष्ठित कंपनियां होंगी शामिल

भर्ती कैम्प में शहर की कई प्रतिष्ठित कंपनियां शामिल होंगी। इनमें प्रमुख रूप से टाटा मोटर्स, रमाडा ,होटल अलकोर ,रामकृष्ण फोर्जिंग लिमिटेड ,आरएसबी ट्रांसमिशन ,एएसएल सहित अन्य कंपनियां शामिल हैं।कंपनियां अपनी आवश्यकतानुसार दिव्यांग अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेकर उनका चयन करेंगी।

केवल पात्र दिव्यांगजन उठा सकेंगे लाभ

चैम्बर के अध्यक्ष मानव केडिया, महासचिव पुनीत कांवटिया, उपाध्यक्ष अनिल मोदी समेत अन्य पदाधिकारियों और यंग इंडियंस की चेयरमैन श्रुति झुनझुनवाला ने बताया कि केवल वे दिव्यांगजन, जो लियोनार्ड चेशायर डिसेबिलिटी ट्रस्ट के अंतर्गत आते हैं, इस भर्ती कैम्प का लाभ उठा सकेंगे।

More From Author

जमशेदपुर : राशन दुकान के आड़ मे बिक्री करता था गांजा, पुलिस ने किया संचालक को गिरफ्तार

जमशेदपुर: मानगो वन विभाग में ‘गीता थिएटर’ के 10 दिवसीय समर कैंप की धूम, 26 मई को बच्चे जाएंगे दलमा ट्रेकिंग