जमशेदपुर: वन पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग (झारखंड सरकार), धालभूम वन प्रमंडल जमशेदपुर और प्रतिष्ठित सांस्कृतिक संस्था ‘गीता थिएटर’ के संयुक्त तत्वावधान में मानगो वन विभाग सभागार में आयोजित 10 दिवसीय निःशुल्क समर कैंप 2026 अपने पूरे शबाब पर है। 15 मई 2026 से शुरू हुआ यह शिविर आगामी 25 मई 2026 तक हर दिन दोपहर 03:00 बजे से शाम 06:00 बजे तक संचालित हो रहा है।इस अनूठे समर कैंप में जमशेदपुर के लगभग 130 सरकारी स्कूलों और 79 प्राइवेट स्कूलों के कुल 200 से अधिक विद्यार्थी पूरी ऊर्जा के साथ हिस्सा ले रहे हैं। शिविर का उद्घाटन जमशेदपुर पश्चिम के लोकप्रिय विधायक सरयू राय और जानी-मानी समाजसेविका पूर्वी घोष ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया था।
दिन-प्रतिदिन की मजेदार और ज्ञानवर्धक गतिविधियां
10 दिनों के इस सफर में हर दिन बच्चों को जीवनोपयोगी और कलात्मक विधाओं से जोड़ने के लिए देश-दुनिया और शहर के विशेषज्ञों को आमंत्रित किया जा रहा है।
पहला दिन (आइस ब्रेकिंग): बच्चों ने एक-दूसरे और प्रशिक्षकों के साथ परिचय सत्र में भाग लिया, जिससे उनके भीतर का संकोच दूर हुआ।
दूसरा दिन (गणित का जादू): अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त गणित विशेषज्ञ श्रीमती दुर्गा राव ने खेल-खेल में वैदिक गणित और शॉर्ट ट्रिक्स सिखाए, जिससे बच्चों ने भारी-भरकम जोड़-घटाव और गणनाएं चुटकियों में हल करना सीखा।
तीसरा दिन (आपातकालीन सुरक्षा): नागरिक सुरक्षा जमशेदपुर के प्रशिक्षक मजहरुल बारी ने बच्चों को ‘इमरजेंसी रेस्क्यू टेक्निक्स’ सिखाईं। बच्चों को आग, भूकंप या सड़क दुर्घटना जैसी आपात स्थिति में मॉक ड्रिल और प्राथमिक जीवन रक्षा के व्यावहारिक गुर सिखाए गए।
चौथा दिन (थिएटर और एक्टिंग): प्रख्यात रंगकर्मी अमित दास ने नाट्य कार्यशाला का संचालन किया, जिसमें बच्चों को संवाद अदायगी, बॉडी लैंग्वेज, स्टेज क्राफ्ट और अभिनय की बुनियादी बारीकियां सिखाई गईं।
पांचवां दिन (स्वास्थ्य एवं हाइजीन): शहर की सुप्रसिद्ध स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मेघा ने कैंप में शिरकत की। उन्होंने विशेष रूप से शामिल हुईं किशोर बालिकाओं के साथ स्वास्थ्य, स्वच्छता और शारीरिक बदलावों से संबंधित विषयों पर खुलकर संवाद किया और अंत में पौष्टिक खाद्य सामग्री का वितरण किया।
छठा दिन (डांस और कोरियोग्राफी): राम नृत्य स्टूडियो के संचालक राम संडील ने छोटे बच्चों को ‘बम बम भोले’ और बड़ी बच्चियों को ‘देश रंगीला’ गाने पर डांस स्टेप्स सिखाए, जिसकी भव्य प्रस्तुति समापन समारोह में होगी।
सातवां दिन (युवा कार्यक्रम): नेहरू युवा केंद्र संगठन , पूर्वी सिंहभूम के जिला युवा अधिकारी मंटू पात्रा विशेष आमंत्रण पर पहुंचे। उन्होंने युवाओं से खेलकूद और युवा कार्यक्रमों पर सीधा संवाद किया। उन्होंने गीता थिएटर की इस अनूठी पहल की सराहना करते हुए कहा कि कला और सामाजिक चेतना का ऐसा संगम बहुत कम देखने को मिलता है।
वन विभाग का बड़ा तोहफा: 26 मई को होगी ‘दलमा ट्रेकिंग’
धालभूम वन प्रमंडल पदाधिकारी शबा आलम अंसारी ने समर कैंप के मुख्य उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए एक बड़ी घोषणा की। उन्होंने बताया कि बच्चों को कला और कौशल के साथ-साथ प्रकृति के करीब लाना हमारा मुख्य लक्ष्य है।इसके तहत वन विभाग के सहयोग से पर्यावरण संरक्षण और वन्यजीवों की सुरक्षा के प्रति संवेदनशील बनाने के लिए समर कैंप के बच्चों को 26 मई को दलमा वन्यजीव अभयारण्य में विशेषज्ञों की देखरेख में ‘नेचर ट्रेकिंग’ कराई जाएगी।
मार्शल आर्ट्स, गुड टच-बैड टच और एआई नॉलेज की मिलेगी ट्रेनिंग
गीता थिएटर जमशेदपुर की अध्यक्ष गीता कुमारी ने बताया कि इस बार कैंप का स्वरूप बेहद आधुनिक और सुरक्षात्मक रखा गया है। आने वाले दिनों में बालिकाओं के लिए आत्मरक्षा हेतु मार्शल आर्ट्स, गुड टच-बैड टच, अंधविश्वास उन्मूलन, बाल विवाह, बाल श्रम, नशापान के खिलाफ जागरूकता और सबसे महत्वपूर्ण एआई नॉलेज कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा।इन विशेष सत्रों के लिए सरायकेला-खरसावां, रांची, कोलकाता और उड़ीसा से विषय विशेषज्ञों को आमंत्रित किया गया है, जिनका पूरा खर्च जमशेदपुर वन विभाग उठा रहा है।
इन्होंने निभाया सहयोगी का जिम्मा
इस भव्य और अनुशासित समर कैंप को सफल बनाने में जमशेदपुर वन विभाग के तमाम पदाधिकारियों, संपूर्ण आश्रय, व्यक्तित्व विकास संस्थान, आरंभ, सुंदरम, हिन्द आईटीआई, सेल विला, नाफीसा युनुस सोशल वेलफेयर फाउंडेशन तथा लियो क्लब जमशेदपुर के प्रतिनिधि अभिषेक, श्रद्धा, खुशी और रितेश अपनी सराहनीय व सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
