जमशेदपुर : पोटका विधानसभा क्षेत्र के झामुमो विधायक संजीव सरदार ने शनिवार को अपने दर्जनों समर्थकों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के वरीय अधिकारियों के साथ बागबेड़ा बृहद जलापूर्ति योजना के निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया। विधायक ने जलमीनार पंप हाउस और पाइपलाइन बिछाने के कार्यों की प्रगति का बारीकी से जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान विधायक ने कड़ा रुख अख्तियार करते हुए विभागीय अधिकारियों को दोटूक शब्दों में चेतावनी दी कि यदि तय समय पर जनता के घरों तक पानी नहीं पहुंचा, तो जिम्मेदार अधिकारियों पर सीधी गाज गिरेगी।
समीक्षा बैठक में तय हुई थी डेडलाइन: 15 जून से बुझेगी बागबेड़ा की प्यास
मौके पर मीडिया और स्थानीय जनता से बातचीत करते हुए विधायक संजीव सरदार ने बताया कि बागबेड़ा और आस-पास के क्षेत्रों में गहराते जलसंकट को देखते हुए कुछ दिनों पहले ही एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक बुलाई गई थी। इस बैठक में क्षेत्र के पंचायत प्रतिनिधियों, पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता और संवेदक (ठेकेदार) के साथ गहन विचार-विमर्श के बाद सामूहिक रूप से 15 जून 2026 की समय-सीमा तय की गई थी।
शनिवार का यह निरीक्षण इसी बात को जांचने के लिए था कि अधिकारी तय रणनीति के तहत काम कर रहे हैं या नहीं।
अधिकारियों ने दिया भरोसा— “समय सीमा के भीतर पूरी होगी तैयारी”
निरीक्षण के दौरान मौके पर मौजूद तकनीकी और विभागीय अधिकारियों ने विधायक संजीव सरदार को आश्वस्त किया कि वर्तमान में कार्य अत्यंत तीव्र गति से चल रहा है।”फिल्टर प्लांट और पाइपलाइन के अंतिम चरण के ट्रायल को लेकर काम आखिरी दौर में है। अधिकारियों ने दावा किया कि विभाग पूरी मुस्तैदी के साथ 15 जून तक क्षेत्र के चिन्हित घरों में वाटर सप्लाई सुचारू रूप से शुरू कर देगा।”
विधायक की दोटूक: “जनता को पानी देना प्राथमिकता, कोताही पर होगी सीधी कार्रवाई”
ट्रैफिक पुलिस विवाद के बाद लगातार क्षेत्र में सक्रिय दिख रहे विधायक संजीव सरदार ने अधिकारियों को कड़े लहजे में नसीहत दी। विधायक ने स्पष्ट रूप से कहा, “बागबेड़ा की जनता पिछले कई सालों से पानी के लिए तरस रही है। अब और बहानेबाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अगर 15 जून की समय सीमा पार हुई और घरों के नल से जल नहीं टपका, तो मैं स्वयं संबंधित लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ विधानसभा से लेकर विभाग के सचिव तक कड़ी दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित कराऊंगा।”उन्होंने कहा कि हर नागरिक को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना उनकी सरकार और उनकी व्यक्तिगत राजनीति की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
वर्षों का इंतजार खत्म होने की उम्मीद, ग्रामीणों में खुशी
गौरतलब है कि बागबेड़ा बृहद जलापूर्ति योजना के पूरा होने से बागबेड़ा, घाघीडीह, किताडीह सहित कई पंचायतों की लाखों की आबादी को सीधे तौर पर फ्लोराइड और आयरन मुक्त शुद्ध पेयजल मिलने लगेगा। भीषण गर्मी के इस मौसम में विधायक के इस कड़े रुख और 15 जून के अल्टीमेटम से स्थानीय ग्रामीणों में एक नई उम्मीद जगी है। निरीक्षण के दौरान कई झामुमो पदाधिकारी, स्थानीय मुखिया, पंचायत समिति सदस्य और भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
