जमशेदपुर: लौहनगरी जमशेदपुर और इसके आस-पास के शहरी व उप-शहरी क्षेत्रों में नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने तथा विकास योजनाओं में तेजी लाने के उद्देश्य से सोमवार को समाहरणालय सभागार में एक उच्च स्तरीय मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में जमशेदपुर अक्षेस, मानगो नगर निगम और जुगसलाई नगर परिषद द्वारा संचालित विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं, पेयजल संकट, साफ-सफाई और बेघरों के लिए शेल्टर होम की स्थिति की बिंदुवार समीक्षा की गई।तपते मौसम को देखते हुए उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों को ‘प्रोटोकॉल मोड’ में काम करने और लापरवाही बरतने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।
पीएम आवास योजना: 644 लाभुकों को शिफ्ट करने की तैयारी, 31 मई की ‘डेडलाइन’
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) की प्रगति की समीक्षा के दौरान जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति के उप नगर आयुक्त ने एक बड़ी अपडेट दी। योजना के तहत संपर्क पथ (एप्रोच रोड) का निर्माण कार्य पूरी तरह संपन्न हो चुका है और दो बड़े ब्लॉक्स का निर्माण भी पूरा कर लिया गया है।इन नवनिर्मित ब्लॉक्स में कुल 644 गरीब लाभुकों को शिफ्ट किया जाना है। अब तक 192 परिवारों को बिजली का कनेक्शन मुहैया करा दिया गया है।
उपायुक्त ने कड़ा रुख अपनाते हुए आदेश दिया कि जल निकासी के लिए नाली निर्माण कार्य को हर हाल में 31 मई 2026 तक अनिवार्य रूप से पूर्ण कर लिया जाए। साथ ही बचे हुए सभी लाभुकों को युद्ध स्तर पर बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया ताकि उन्हें शिफ्टिंग में देरी न हो।
मानगो के 22 ‘ड्राई जोन’ में टैंकरों से सप्लाई; एमजीएम अस्पताल को लेकर विशेष निर्देश
शहर में जारी जल संकट और बढ़ते पारे को देखते हुए पेयजल व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। विशेष रूप से मानगो नगर निगम क्षेत्र की स्थिति पर गहन चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि पूरे मानगो क्षेत्र में 22 ‘ड्राई जोन’ (जहां पानी का स्तर बेहद नीचे चला गया है) चिन्हित किए गए हैं। इनमें से 12 अति-संवेदनशील क्षेत्रों में फिलहाल टैंकरों के माध्यम से नियमित पानी भेजा जा रहा है। उपायुक्त ने शेष 10 क्षेत्रों में भी तत्काल व्यवस्था सुधारने को कहा।उपायुक्त ने साफ शब्दों में कहा कि कोल्हान के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल एमजीएम अस्पताल में मरीजों और तीमारदारों की सहूलियत के लिए निर्बाध और चौबीसों घंटे पेयजलापूर्ति सुनिश्चित की जाए।
बस स्टॉप्स की होगी मरम्मत, शेल्टर होम में सुधरेंगी सुविधाएं
भीषण लू और धूप को देखते हुए उपायुक्त ने सभी निकायों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के सभी बस स्टॉप्स को चिन्हित करें। जहां भी शेड टूटे हैं या कुर्सियां खराब हैं, उनकी तत्काल मरम्मत कराई जाए ताकि यात्रियों को तपती धूप में न खड़ा होना पड़े। इसके अलावा सैरात बाजारों के रेट फिक्सेशन (दर निर्धारण) की प्रक्रिया को भी जल्द पूरा करने का निर्देश दिया गया। शहरी बेघरों के लिए संचालित शेल्टर होम की समीक्षा करते हुए डीसी ने साफ किया कि किसी भी शेल्टर होम में पानी की किल्लत बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने खराब पड़े पंखों और कूलरों को तुरंत ठीक करने तथा बिना रुकावट बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का आदेश दिया।
मानगो और जुगसलाई में बनेंगे नए ‘डॉग शेल्टर होम’, वैक्सीन अभियान में तेजी
शहर में लगातार बढ़ रहे आवारा कुत्तों के आतंक और रेबीज के खतरे से निपटने के लिए भी बैठक में रणनीति बनाई गई। बैठक में बताया गया कि वर्तमान में जेएनएसी क्षेत्र में एक डॉग शेल्टर होम सुचारू रूप से संचालित हो रहा है। इसी तर्ज पर उपायुक्त राजीव रंजन ने मानगो नगर निगम और जुगसलाई नगर परिषद के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में शीघ्र ही नए डॉग शेल्टर होम के लिए सरकारी भूमि (स्थल) चिन्हित करने का आदेश दिया। इसके साथ ही आवारा कुत्तों के बंध्याकरण और एंटी-रेबीज वैक्सीनेशन (टीकाकरण) अभियान में तेजी लाने की हिदायत दी गई।बैठक में जेएनएसी के उप नगर आयुक्त, मानगो के नगर आयुक्त, जुगसलाई के कार्यपालक पदाधिकारी सहित कार्यपालक अभियंता (पेयजल एवं स्वच्छता विभाग) व अन्य विभागीय अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित थे।
