जमशेदपुर के बारीडीह निवासी 8 वर्षीय आदित्य राज ने कम उम्र में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए शहर का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। मिस/मिस्टर/मिसेज/किड्स मॉडलिंग-डांस प्रतियोगिता (इंडिया-एशिया) में आदित्य राज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया।उनकी इस उपलब्धि से परिवार और पूरे इलाके में खुशी का माहौल है।
आदित्यपुर में आयोजित हुई थी प्रतियोगिता
जानकारी के अनुसार यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 16 और 17 मई को द क्रूज में आयोजित हुई थी।प्रतियोगिता में कुल 13 राउंड हुए, जिसमें देशभर से लगभग 48 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच आदित्य राज ने अपने आत्मविश्वास, प्रस्तुति और प्रतिभा के दम पर दूसरा स्थान हासिल किया।
परिवार ने हमेशा किया प्रोत्साहित
आदित्य राज की मां वर्षा श्रीवास्तव ने बताया कि बचपन से ही आदित्य को मॉडलिंग में रुचि थी और परिवार ने हमेशा उसका उत्साह बढ़ाया।उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में मिली यह सफलता आदित्य के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव साबित होगी।
परिवार की पृष्ठभूमि भी प्रेरणादायक
आदित्य के नाना दीपक श्रीवास्तव रामकृष्ण मिशन इंग्लिश स्कूल में गेम्स टीचर रह चुके हैं। वहीं उनकी मां स्वयं शिक्षिका हैं और चाहती हैं कि आदित्य मॉडलिंग के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचे।परिवार के अन्य सदस्य भी आदित्य को हर कदम पर सहयोग और समर्थन दे रहे हैं।
नेशनल प्रतियोगिताओं की तैयारी में जुटे आदित्य
आदित्य राज ने कहा कि वह भविष्य में मॉडलिंग के क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहते हैं। फिलहाल वह आगामी नेशनल प्रतियोगिताओं की तैयारी कर रहे हैं।कम उम्र में मिली यह सफलता न केवल उनके परिवार बल्कि जमशेदपुर के अन्य बच्चों के लिए भी प्रेरणा बन गई है।
