सरायकेला में शराब दुकानों पर लगातार हमले, गम्हरिया में देर रात तोड़फोड़ का वीडियो वायरल

सरायकेला जिले में शराब दुकानों पर हमलों का सिलसिला लगातार जारी है। रविवार देर रात आदित्यपुर थाना अंतर्गत गम्हरिया प्रखंड कार्यालय के समीप स्थित सरकारी अंग्रेजी शराब दुकान में कुछ शराबियों ने जमकर उत्पात मचाया और तोड़फोड़ की।घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

पिछले सप्ताह आरआईटी इलाके में भी हुई थी मारपीट

बताया जा रहा है कि पिछले सप्ताह आरआईटी थाना क्षेत्र में रेलवे अंडरग्राउंड ब्रिज के समीप स्थित शराब दुकान में भी शराबियों ने जमकर हंगामा, तोड़फोड़ और मारपीट की थी।लगातार हो रही ऐसी घटनाओं के बाद शराब दुकानदारों में नाराजगी और भय का माहौल है।

पुलिस में शिकायत नहीं कर रहे दुकानदार

सबसे बड़ी बात यह सामने आ रही है कि दोनों घटनाओं में शराब दुकानदारों ने पुलिस में मामला दर्ज नहीं कराया है। इससे असामाजिक तत्वों के हौसले और बढ़ते दिखाई दे रहे हैं।

शराब दुकानों के लाइसेंस पर उठे सवाल

इन घटनाओं के बाद संबंधित शराब दुकानों के लाइसेंस और लोकेशन को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।आरआईटी इलाके में रेलवे जमीन पर शराब दुकान संचालित होने को लेकर पहले से सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं गम्हरिया में जिस दुकान पर देर रात हंगामा हुआ, उसके कुछ ही दूरी पर एक इंग्लिश स्कूल स्थित है, जहां से स्कूली बच्चों का आना-जाना लगा रहता है।

पुलिस कार्रवाई पर टिकी निगाहें

लगातार हो रही घटनाओं के बाद अब लोगों की नजर पुलिस प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो ऐसी घटनाएं और बढ़ सकती हैं।

More From Author

कांड्रा में बैंक मैनेजर से 50 हजार की रंगदारी मांगने वाला आरोपी गिरफ्तार,“रवि लोहार” बनकर मांगी थी रंगदारी

बारीडीह के 8 वर्षीय आदित्य राज ने मॉडलिंग प्रतियोगिता में जीता दूसरा स्थान, जमशेदपुर का बढ़ाया मान