जमशेदपुर के साकची क्षेत्र में मंगलवार को स्टेट टास्क फोर्स ऑन टीबी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डॉ. मनोज कुमार ने की।इस बैठक में झारखंड के सभी मेडिकल कॉलेजों के टीबी एवं चेस्ट विभाग के साथ-साथ कम्युनिटी मेडिसिन विभाग के अध्यक्षों ने भाग लिया।
दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का उद्घाटन
कार्यक्रम का उद्घाटन सिविल सर्जन पूर्वी सिंहभूम डॉ. साहिर पाल, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. जोगेश्वर प्रसाद और डब्ल्यूएचओ कंसल्टेंट डॉ. सतीश मांझी ने दीप प्रज्वलित कर किया।बैठक में टीबी नियंत्रण और उन्मूलन को लेकर विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
मेडिकल कॉलेजों की भूमिका पर जोर
डब्ल्यूएचओ कंसल्टेंट डॉ. सतीश मांझी ने स्टेट टास्क फोर्स की भूमिका और उद्देश्यों पर विस्तार से जानकारी दी।उन्होंने कहा कि टीबी उन्मूलन अभियान को सफल बनाने में मेडिकल कॉलेजों और स्वास्थ्य संस्थानों की सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है।
2026 तक लक्ष्य हासिल करने की तैयारी
बैठक के दौरान राज्य में टीबी उन्मूलन कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी बनाने, जागरूकता बढ़ाने और मेडिकल संस्थानों के सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा की गई।विशेषज्ञों ने वर्ष 2026 तक टीबी नियंत्रण के निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने के लिए साझा रणनीति अपनाने पर जोर दिया।
जागरूकता और समन्वय बढ़ाने पर फोकस
बैठक में यह भी तय किया गया कि टीबी के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने और समय पर जांच एवं इलाज सुनिश्चित करने के लिए व्यापक अभियान चलाए जाएंगे।स्वास्थ्य विभाग और मेडिकल कॉलेजों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी सहमति बनी।
