जमशेदपुर में मोबाइल शोरूम लूटने पहुंचा युवक, चाकू दिखाकर बोला- बम है, दुकान उड़ा दूंगा

जमशेदपुर: उलीडीह थाना क्षेत्र के डिमना रोड स्थित आकाश टावर में सोमवार को एक मोबाइल शोरूम में उस समय अफरा-तफरी मच गयी, जब एक युवक कथित तौर पर लूट की नीयत से चाकू लेकर पहुंच गया। युवक ने शोरूम के कर्मचारियों को धमकाते हुए कहा कि उसके पास बम है और विरोध करने पर वह दुकान को उड़ा देगा।हालांकि, शोरूम कर्मचारियों और आसपास मौजूद लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए युवक को पकड़ लिया और बाद में उसे उलिडीह थाना पुलिस के हवाले कर दिया।

चाकू लेकर शोरूम में घुसा युवक, बम होने की दी धमकी

घटना आईसीआईसीआई बैंक के पास स्थित आकाश टावर में मोबाइल शोरूम एरिक्सन में हुई। बताया गया कि युवक हाथ में चाकू लेकर शोरूम में दाखिल हुआ और कर्मचारियों को धमकाने लगा।युवक ने कथित तौर पर अपने पास बम होने की बात कहते हुए कर्मचारियों को चेतावनी दी कि अगर किसी ने विरोध किया तो वह दुकान को उड़ा देगा। धमकी के बाद शोरूम में मौजूद कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी मच गयी।

कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने युवक को पकड़ा

युवक की धमकी के बावजूद शोरूम के कर्मचारियों और आसपास के लोगों ने हिम्मत दिखाई और उसे पकड़ लिया। इसके बाद घटना की सूचना उलीडीह थाना पुलिस को दी गयी।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।

पुलिस कर रही पूछताछ, बम होने के दावे की भी जांच

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक अकेले ही वारदात को अंजाम देने पहुंचा था या उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था। युवक की ओर से बम होने की बात कहे जाने के बाद पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए उसके पास मौजूद सामान की भी जांच कर रही है।पुलिस आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करने की कार्रवाई कर रही है। साथ ही घटना के पीछे की मंशा और युवक के संभावित साथियों के बारे में भी जानकारी जुटायी जा रही है।

More From Author

जमशेदपुर: ‘गौ सम्मान आह्वान अभियान’ को लेकर झारखंड से 1 करोड़ हस्ताक्षर का लक्ष्य, 17 दिसंबर को रांची में जुटेंगे 1 लाख गौभक्त

डिमना रोड में तेज रफ्तार ट्रक ने कार को मारी टक्कर, ट्रांसपोर्ट कारोबारी नीरज की मौत