जमशेदपुर: डिमना रोड में रविवार देर रात करीब 12 बजे हुए सड़क हादसे में वास्तु विहार निवासी ट्रांसपोर्ट कारोबारी नीरज (50) की मौत हो गयी। वह साकची से सामान लोड करवाकर कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी कार को टक्कर मार दी। हादसे में नीरज गंभीर रूप से घायल हो गये।सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ट्रक की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए नीरज
जानकारी के अनुसार, नीरज रविवार रात साकची से सामान लोड करवाने के बाद कार से वास्तु विहार स्थित अपने घर लौट रहे थे। डिमना रोड पर तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि नीरज गंभीर रूप से घायल हो गये। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद ट्रक लेकर चालक फरार
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक की पहचान और चालक की गिरफ्तारी के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।पुलिस आसपास के लोगों से भी घटना के संबंध में पूछताछ कर रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य जानकारी के आधार पर पुलिस फरार ट्रक और उसके चालक का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
ट्रांसपोर्ट कारोबार से जुड़े थे नीरज , परिवार में मातम
बताया गया कि नीरज ट्रांसपोर्ट कारोबार से जुड़े थे और उनकी चार ट्रकें चलती हैं। वह खुद ट्रांसपोर्ट से संबंधित कामकाज देखते थे।घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। नीरज की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
