जमशेदपुर: शहर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बागुन नगर में पारिवारिक संपत्ति विवाद का एक गंभीर मामला सामने आया है। बड़ी बहन टी मोहिनी प्रिया ने अपनी छोटी बहन टी मधु पर करीब 13 लाख रुपये गबन करने, संपत्ति पर कब्जा करने की कोशिश करने और परिवार को जान से मारने की धमकी दिलवाने का आरोप लगाया है।
जमीन बिक्री के पैसे लौटाने से किया इंकार
टी मोहिनी प्रिया ने बताया कि वर्ष 2015 में उन्होंने आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले में स्थित अपनी जमीन को 12 लाख 75 हजार रुपये में बेचा था। उस समय उनके साथ उनकी छोटी बहन टी मधु भी मौजूद थी। बैंक खाता नहीं होने के कारण जमीन बिक्री की पूरी राशि टी मधु के बैंक खाते में जमा कराई गई थी।मोहिनी का आरोप है कि इसके बाद से उनकी बहन लगातार बहाने बनाकर राशि वापस नहीं कर रही है।
पैसे मांगने पर संपत्ति में हिस्सा मांगने लगी बहन
मोहिनी के अनुसार, जब उन्होंने चार वर्ष पूर्व अपनी राशि वापस मांगनी शुरू की तो टी मधु ने बागुन नगर स्थित घर और जमीन में हिस्सा मांगना शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि उनके भाई की दुर्घटना में मौत के बाद टाटा स्टील की नौकरी भी उन्होंने ही अपनी छोटी बहन को दिलवाई थी।वर्तमान में टी मधु टाटा स्टील में कार्यरत हैं और सीतारामडेरा क्षेत्र में रहती हैं।
कई बार पुलिस अधिकारियों से की शिकायत
पीड़िता का कहना है कि पिछले चार वर्षों में उन्होंने कई बार पुलिस अधीक्षक (एसपी) और स्थानीय थाना में लिखित शिकायत देकर मामले के समाधान की मांग की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।उनका आरोप है कि छोटी बहन ने संपत्ति और रुपये हड़पने की नीयत से कई तरह के हथकंडे अपनाए हैं।
पति को जान से मारने की धमकी का आरोप
मोहिनी प्रिया ने आरोप लगाया कि हाल के दिनों में कुछ दबंग व्यक्तियों के माध्यम से उनके पति श्रीनिवास राव को जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। उन्होंने दावा किया कि बीते दिनों सिदगोड़ा थाना में थाना प्रभारी की अनुपस्थिति में एक व्यक्ति ने उनके पति को हत्या कर फेंक देने तक की धमकी दी।इस घटना के बाद परिवार में भय का माहौल है और वे किसी अनहोनी की आशंका जता रहे हैं।
एएसपी से लगाई सुरक्षा की गुहार
धमकियों से परेशान मोहिनी प्रिया और उनके पति श्रीनिवास राव एएसपी ऋषभ त्रिवेदी से मिले और पूरे मामले की जानकारी दी। एएसपी के निर्देश पर उन्होंने सिदगोड़ा थाना में टी मधु और कुछ अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस जांच का इंतजार
फिलहाल मामले में शिकायत दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। जांच के बाद ही आरोपों की पुष्टि और आगे की कानूनी कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
