Views: 2
सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र स्थित कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में मिले रघु महतो के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने इस हत्याकांड में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बुधवार को एसपी मनोज स्वर्गियारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, वेतन के रूप में मिले रुपये लूटने के उद्देश्य से रघु महतो की हत्या की गई थी।
वेतन मिलने के बाद पैसों पर थी आरोपियों की नजर
पुलिस जांच के अनुसार, मृतक रघु महतो और गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी एक ही कंपनी में काम करते थे। वेतन मिलने के बाद आरोपियों की नजर रघु के पैसों पर थी। पुलिस का आरोप है कि इसी मंशा से रघु को शराब पिलाई गई और फिर उसकी हत्या कर दी गई।वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने शव को कृषि विज्ञान केंद्र परिसर के पास छोड़ दिया था। बाद में शव मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
शंकर सरदार, रवि महतो और भीम महतो गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस ने शंकर सरदार, रवि महतो और भीम महतो को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की निशानदेही पर मृतक से लूटे गए 11 हजार रुपये, मोबाइल फोन और शर्ट बरामद किए गए हैं।पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित हुई थी विशेष टीम
मामले के उद्भेदन के लिए एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ अनुभवन भारद्वाज के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। टीम में आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी शामिल थे।पुलिस के अनुसार, विशेष टीम ने जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इसे त्वरित कार्रवाई बताते हुए मामले के खुलासे की जानकारी दी।
