जमशेदपुर में एटक लीगल सेल की बैठक, टाटा लीज रिन्यूअल और अतिक्रमण कार्रवाई पर जताई चिंता

जमशेदपुर: साकची स्थित एटक कार्यालय में ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस (एटक) के लीगल सेल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता लीगल सेल के जिलाध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता दिलीप महतो ने की। इस दौरान संगठन को मजबूत करने के साथ शहर के विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

टाटा लीज रिन्यूअल और अतिक्रमण कार्रवाई बना प्रमुख मुद्दा

बैठक में सबसे प्रमुख मुद्दा टाटा लीज रिन्यूअल और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का रहा। लीगल सेल के सदस्यों ने दावा किया कि टाटा का लीज 31 दिसंबर 2025 को समाप्त हो चुका है और इसके बाद जमीन के स्वामित्व को लेकर नई कानूनी स्थिति उत्पन्न हुई है।सदस्यों ने आरोप लगाया कि इसी बीच शहर में दशकों से रह रहे लोगों के घरों को अतिक्रमण हटाने के नाम पर बिना उचित कानूनी नोटिस के तोड़ा जा रहा है।

बारिश के मौसम में बेदखली पर जताई चिंता

एटक लीगल सेल ने बारिश के मौसम में लोगों को उनके घरों से बेदखल किए जाने पर भी चिंता जताई। संगठन का आरोप है कि इस कार्रवाई में जिला पुलिस और प्रशासन भी सहयोग कर रहा है।बैठक में सदस्यों ने इसे आम जनता के हितों के खिलाफ बताते हुए इसके विरोध का निर्णय लिया।

उपायुक्त को सौंपा जाएगा ज्ञापन

लीगल सेल के पदाधिकारियों ने बताया कि मामले को लेकर जल्द ही उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा जाएगा। ज्ञापन के माध्यम से बिना उचित कानूनी प्रक्रिया और नोटिस के लोगों को बेघर करने की कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की जाएगी।इसके साथ ही प्रभावित परिवारों को आवश्यक कानूनी सहायता उपलब्ध कराने की बात भी कही गई।

जरूरतमंदों को मुफ्त कानूनी सहायता देने का फैसला

बैठक में आर्थिक रूप से कमजोर ग्रामीणों और जरूरतमंद लोगों को चिन्हित कर उन्हें निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया।इसके लिए लीगल सेल का विस्तार करने और अधिक से अधिक अधिवक्ताओं को संगठन से जोड़ने पर जोर दिया गया, ताकि जरूरतमंद लोगों को समय पर कानूनी सलाह और सहायता मिल सके।

ये सदस्य रहे मौजूद

बैठक में लीगल सेल के उपाध्यक्ष शशि भूषण कुमार, सचिव गिरीश कुमार सिंह, एटक के राज्य सचिव अम्बुज कुमार ठाकुर, धनंजय शुक्ला, हीरा अरकने, मुकेश रजक और रंजन यादव समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।

More From Author

करीम सिटी कॉलेज में एनसीसी द्वारा कैरियर जागरूकता संगोष्ठी आयोजित

जमशेदपुर प्रधान डाकघर में सिर्फ ₹25 में तिरंगा, बिक्री के लिए मंगाए 15 हजार झंडे