एमजीएम अस्पताल में भाजपा कार्यकर्ता से मारपीट का आरोप, विरोध में गुंजन यादव धरने पर बैठे

जमशेदपुर: डिमना स्थित एमजीएम अस्पताल में भाजपा कार्यकर्ता और उसके जीजा के साथ कथित मारपीट की घटना को लेकर शनिवार को जमकर हंगामा हुआ। भाजपा जमशेदपुर महानगर के पूर्व जिला अध्यक्ष गुंजन यादव अपने समर्थकों के साथ अस्पताल परिसर में धरने पर बैठ गए और दोषी होमगार्ड जवानों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।गुंजन यादव ने आरोप लगाया कि भुइयांडीह लकड़ीटाल निवासी मनीष शर्मा और उनके जीजा के साथ अस्पताल में तैनात होमगार्ड जवानों ने लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट की। उनका कहना है कि मनीष शर्मा अपनी गर्भवती भांजी के इलाज को लेकर शिकायत कर रहे थे, जिसके बाद विवाद हुआ और मारपीट की गई।

गुंजन यादव ने लगाया बंधक बनाने और मारपीट का आरोप

गुंजन यादव ने कहा कि घटना की सूचना मिलने पर जब वे अस्पताल पहुंचे तो 8 से 10 होमगार्ड जवानों ने उनसे भी पूछताछ के नाम पर अभद्र व्यवहार किया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि जान बचाने के लिए उन्हें इधर-उधर भागना पड़ा और कुछ समय के लिए बंधक भी बना लिया गया।उन्होंने यह भी दावा किया कि मौके पर मौजूद किसी भी होमगार्ड जवान ने नेम प्लेट नहीं पहन रखी थी। घटना का वीडियो बनाए जाने पर उसे भी डिलीट करा दिए जाने का आरोप लगाया गया।

गर्भवती महिला के इलाज में लापरवाही का भी आरोप

भाजपा कार्यकर्ता मनीष शर्मा ने आरोप लगाया कि उनकी गर्भवती भांजी को कुछ दिन पहले प्रसव के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके अनुसार सामान्य प्रसव संभव होने के बावजूद डॉक्टरों ने सी-सेक्शन किया। बाद में ऑपरेशन के टांके में संक्रमण और सूजन होने पर दोबारा भर्ती कराना पड़ा।उन्होंने आरोप लगाया कि भर्ती के दौरान डॉक्टरों ने मरीज की नियमित जांच नहीं की और परिजनों की शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया। शनिवार को जब वे वेटिंग हॉल में बैठे थे, तभी होमगार्ड जवानों ने उन्हें वहां से हटने को कहा। विरोध करने पर उनके साथ धक्का-मुक्की और लाठी से मारपीट की गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनकी भांजी के पति के साथ भी मारपीट की गई।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल, डीएसपी दयानंद कुमार और एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से टूटी हुई लाठी जब्त कर ली है और घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।पुलिस ने आश्वासन दिया है कि शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच की जाएगी। साथ ही अस्पताल परिसर के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।हालांकि, इस मामले में एमजीएम अस्पताल प्रबंधन और होमगार्ड विभाग की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

More From Author

गुड़ाबांधा के दिव्यांग युवक को नाम्या स्माइल फाउंडेशन ने भेंट की व्हीलचेयर, कुणाल षाड़ंगी की मानवीय पहल

सरायकेला: देशी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ कुख्यात अपराधी गिरफ्तार