डीजीपी की बैठक के बीच ‘पुलिस’ का बोर्ड लगी थार कार से पहुंचा टाटा स्टील कर्मी, सुरक्षा बल हैरान

जमशेदपुर: झारखंड की डीजीपी तदाशा मिश्रा गुरुवार को जमशेदपुर के एसएसपी आवास पर कोल्हान डीआईजी, जमशेदपुर एसएसपी और सरायकेला एसपी के साथ अहम बैठक कर रही थीं। इसी दौरान एसएसपी आवास के बाहर पुलिस का बोर्ड लगी एक थार गाड़ी पहुंचने से वहां तैनात जवानों के बीच कुछ देर के लिए असमंजस की स्थिति बन गई।

थार पर पुलिस का बड़ा बोर्ड देखकर सतर्क हुए जवान

जानकारी के अनुसार, टाटा स्टील यूआईएसएल में कार्यरत एक कर्मचारी अपनी थार गाड़ी से एसएसपी आवास पहुंचा था। गाड़ी के आगे बड़े अक्षरों में पुलिस का बोर्ड लगा हुआ था। इसे देखकर आवास के बाहर तैनात जवानों को लगा कि कोई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अंदर जाना चाहता है।जब जवानों ने गाड़ी चालक से पूछताछ की तो उसने अपनी पहचान टाटा स्टील (यूआईएसएल ) के कर्मचारी के रूप में बताई। उसने कहा कि वह काफी परेशान है और अपनी समस्या लेकर एसएसपी से मिलना चाहता है।

परेशानी के कारण गाड़ी पर लगाया पुलिस का बोर्ड

कर्मचारी ने जवानों को बताया कि गाड़ी पर पुलिस का बोर्ड लगाने से उसे परेशानी नहीं होती, जबकि बोर्ड नहीं रहने पर उसे कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। हालांकि, उसने अपनी परेशानी का विस्तृत ब्योरा देने से इनकार कर दिया।मीडिया कर्मियों ने जब उससे समस्या के बारे में जानना चाहा तो उसने साफ कहा कि वह अपनी परेशानी जिले के एसपी को ही बताएगा।

बैठक लंबी चलने पर वापस लौटा कर्मचारी

एसएसपी आवास पर डीजीपी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की बैठक लंबी चलती रही। इस बीच इंतजार करने के बाद टाटा स्टील का कर्मचारी पुलिस लिखा थार वाहन लेकर वहां से चला गया। उसने कहा कि वह दोबारा एसएसपी आवास आएगा।कर्मचारी की पहचान चंद्रशेखर शेखरन भूमिज के रूप में हुई है। हालांकि, उसने अपनी परेशानी सार्वजनिक करने से इनकार किया है। ऐसे में गाड़ी पर पुलिस का बोर्ड लगाने के पीछे उसकी वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

More From Author

एमजीएम छत हादसे के पीड़ित परिवारों को 15 महीने बाद भी नहीं मिला मुआवजा, झारखंड हाईकोर्ट पहुंचा मामला

मानगो के मुर्दा मैदान की सफाई के लिए सरयू राय का अल्टीमेटम, एक सप्ताह में सफाई नहीं हुई तो खुद उठाएंगे कदम